रांची
भाजपा प्रदेश कार्यालय में आज प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की अध्यक्षता में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘सेवा पखवाड़ा’ को लेकर कार्यशाला आयोजित हुई।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद तथा झारखंड प्रभारी डॉ. राधामोहन अग्रवाल मौजूद थे। कार्यक्रम में कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. रविंद्र कुमार राय, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, निवर्तमान अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश, संयोजक सांसद आदित्य साहू, डॉ. प्रदीप वर्मा, उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, आरती कुजूर, विकास प्रीतम सिन्हा समेत प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, प्रभारी और सेवा पखवाड़ा समितियों के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक का संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय ने किया, विषय प्रवेश आदित्य साहू ने कराया और धन्यवाद ज्ञापन सुनीता सिंह ने दिया।

राधामोहन अग्रवाल का संबोधन
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक का यह पखवाड़ा भारत के इतिहास का सबसे महत्वपूर्ण पखवाड़ा है। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 75वां जन्मदिन, 25 सितंबर को अंत्योदय के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती और 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी व लालबहादुर शास्त्री की जयंती है। यह संयोग है कि इस अवधि में जन्मे सभी महापुरुषों ने गांव, गरीब और किसान की सेवा को ही जीवन का ध्येय बनाया।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि भाजपा इस पखवाड़े को सेवा पखवाड़ा के रूप में मनाकर सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संकल्पित है। उन्होंने सांसदों, विधायकों और जनप्रतिनिधियों से अपने क्षेत्रों में अधिकतम जन भागीदारी के साथ कार्यक्रमों को सफल बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि गांधी, शास्त्री और पंडित दीनदयाल के पदचिह्नों पर चलते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने गांव-गरीब और किसान की सेवा को ही अपनी प्राथमिकता बनाया। इसी दिशा में उठाए गए फैसलों से भारत आज विश्व की चौथी अर्थव्यवस्था बन चुका है और जल्द ही तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की राह पर है। पिछले 10 वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं।
.jpg)
अन्य नेताओं के विचार
प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि सेवा पखवाड़े के कार्यक्रमों को धरातल पर उतारने और अधिक से अधिक जन भागीदारी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सभी कार्यकर्ताओं की है। उन्होंने ब्लड डोनेशन जैसे कार्यक्रमों में पिछले साल बने रिकॉर्ड को इस बार भी दोहराने का आह्वान किया।
डॉ. रविंद्र कुमार राय ने कहा कि यह पखवाड़ा जनता से सीधा संवाद का अवसर है। वहीं, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर रक्तदान शिविर और स्वच्छता अभियान होंगे। इसके अलावा स्वास्थ्य शिविर, प्रबुद्ध जन सम्मेलन, चित्र प्रदर्शनी, वृक्षारोपण, चित्रकला प्रतियोगिता, विशिष्ट जन सम्मान और सांसद खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। बैठक में सांसद, विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक और विधानसभा-लोकसभा चुनाव के प्रत्याशी भी उपस्थित रहे।
