logo

Hemant Soren ED Summon : सीएम आवास के 500 मी. दायरे में धारा-144 लागू, वापस लौटे CRPF जवान; सुरक्षा सख्त

a1152.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

मुख्यमंत्री आवास के 500 मीटर के दायरे में धारा-144 के तहत निषेधाज्ञा लगा दी गई है। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवान भी वापस लौट गए हैं। सीएम हेमंत सोरेन से जारी ईडी की पूछताछ के बीच उनके आवास के बाहर सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है। गौरतलब है कि ईडी के अधिकारी दोपहर 1 बजे मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। बताया जा रहा है कि अधिकारी 50 सवालों की लिस्ट लेकर मुख्यमंत्री आवास गए हैं। इधर, दोपहर 4 बजे ईडी कार्यालय का एक अधिकारी 500 पेज की फाइल लेकर पहुंचा। आशंका व्यक्त की जा रही है कि मुख्यमंत्री से पूछताछ लंबी चल सकती है। एलपीएन शाहदेव चौक से प्रदर्शनकारियों को हटा दिया गया है। मुख्यमंत्री आवास के बाहर इकट्ठा हुए झामुमो कार्यकर्ताओं को भी हटाने का प्रयास किया जा रहा है। 

दोपहर 3 बजे सीएम आवास पहुंचे थे सीआरपीएफ जवान
दोपहर 3 बजे केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवान 8 गाड़ियों में सवार होकर मुख्यमंत्री आवास पहुंचे थे। जवानों को मुख्यमंत्री आवास के गेट नंबर-2 के बाहर तैनात किया गया था। सीआरपीएफ जवानों की मौजूदगी से मुख्यमंत्री आवास के बाहर गहमागहमी होने लगी। कार्यकर्ताओं में कानाफूसी होने लगी कि कहीं सीएम को हिरासत में तो नहीं लिया जाएगा। हालांकि शाम साढ़े 5 बजे जवान वापस लौट गए। हालांकि, इस बीच रांची जिला पुलिस के जवान मौके पर मौजूद हैं और विधि-व्यवस्था बनाए रखने में योगदान दे रहे हैं। सिटी एसपी राजकुमार मेहता सुबह से ही सीएम आवास के बाहर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। गौरतलब है कि शनिवार को सुबह से ही राजभवन के समीप और मुख्यमंत्री आवास के बाहर भारी संख्या में झामुमो कार्यकर्ताओं का जुटान शुरू हो गया था। कार्यकर्ता, हेमंत सोरेन के समर्थन में तख्तियां लेकर आए थे। 

मुख्यमंत्री आवास के बाहर 200 से ज्यादा जवान तैनात
मुख्यमंत्री आवास के बाहर 200 से ज्यादा जवानों को तैनात किया गया है। पुलिस, कार्यकर्ताओं को हिदायत दे रही थी कि यदि उन्होंने कानून हाथ में लेने का प्रयास किया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एलपीएन शाहदेव चौक में जमा कार्यकर्ताओं को हटाया गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से जमीन घोटाला केस में ईडी पूछताछ कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि पूछताछ लंबी चलेगी। 

मुख्यमंत्री से पूछताछ को लेकर कार्यकर्ताओं में आक्रोश
इधर, मुख्यमंत्री से पूछताछ को लेकर झामुमो कार्यकर्ताओं में थोड़ा आक्रोश दिखा। उनका कहना था कि वे ईडी या उनकी कार्रवाई का विरोध करने के लिए नहीं आए हैं बल्कि मुख्यमंत्री के समर्थन में वहां इकट्ठा हुए हैं। उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को छुआ तो वे सड़क पर उतरेंगे। इस बीच रामगढ़ से आया झामुमो कार्यकर्ताओं का समूह सीएम आवास के बाहर बैठ गया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से मुलाकात किए बिना वे लोग वहां से नहीं हटेंगे। पुलिस उनको समझाती रही।