संभल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संभल जिले में हुए सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मोदी ने मृतकों के परिजनों को 2 लाख मुआवजा और घायलों को 50 हजार रुपये मुआवाजा देने की बात कही है। बता दें कि जिले के जुनावई थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में दूल्हे सहित आठ लोगों की जान चली गई। हादसा उस वक्त हुआ जब एक बुलेरो गाड़ी बेकाबू होकर जनता इंटर कॉलेज की दीवार से जा टकराई। बुलेरो में 12 से ज्यादा लोग सवार थे जो हरगोविंदपुर गांव से बारात लेकर बदायूं के बिल्सी जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गाड़ी की रफ्तार काफी तेज थी और ड्राइवर वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दीवार भी ढह गई और गाड़ी बुरी तरह चकनाचूर हो गई।

दर्दनाक मंजर, चीख-पुकार से दहला इलाका
हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। एडिशनल एसपी अनुकृति शर्मा, सीओ और थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने राहत कार्य शुरू किया और घायलों को एंबुलेंस से पास के सरकारी अस्पताल पहुंचाया।
5 की मौके पर मौत, अन्य घायल अलीगढ़ रेफर
एडिशनल एसपी अनुकृति शर्मा ने बताया कि पुलिस को शाम करीब साढ़े 7 बजे सूचना मिली थी। मौके पर जेसीबी की मदद से गाड़ी को काटकर घायलों को बाहर निकाला गया। पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि अन्य को गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर किया गया। बाद में मृतकों की संख्या बढ़कर आठ हो गई जिनमें एक महिला और दो बच्चे भी शामिल हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और ड्राइवर की लापरवाही माना जा रहा है। मृतकों की पहचान की जा रही है। पूरे गांव और आसपास के इलाके में मातम पसरा हुआ है।
