द फॉलोअप डेस्क
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार, 25 जुलाई को इतिहास रच दिया। उन्होंने लगातार 4,078 दिन प्रधानमंत्री पद पर रहते हुए इंदिरा गांधी का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जो बिना रुके 4,077 दिन देश की प्रधानमंत्री रहीं थीं। अब नरेंद्र मोदी, देश के इतिहास में लगातार सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद पर रहने वाले दूसरे नेता बन गए हैं। उनसे ऊपर सिर्फ देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू हैं।
इसके अलावा भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम कई रिकॉर्ड हैं। जैसे नरेंद्र मोदी स्वतंत्रता के बाद जन्मे पहले प्रधानमंत्री हैं। वह सबसे लंबे समय तक रहने वाले गैर-कांग्रेस प्रधानमंत्री भी हैं। गैर-हिंदी भाषी राज्य गुजरात से आने वाले सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने वाले नेता हैं। मोदी पहले गैर-कांग्रेसी नेता हैं जिन्होंने दो बार पूर्ण बहुमत से सरकार बनाई। इंदिरा गांधी के बाद पहले प्रधानमंत्री हैं जो दूसरी बार भी पूर्ण बहुमत से सत्ता में लौटे। जवाहरलाल नेहरू के बाद, मोदी ही ऐसे दूसरे नेता हैं जिन्होंने लगातार तीन लोकसभा चुनावों में पार्टी का नेतृत्व कर जीत दिलाई।
पीएम मोदी छह चुनाव लगातार जीत चुके हैं। गुजरात विधानसभा चुनाव में 2002, 2007, 2012 और लोकसभा चुनाव में 2014, 2019, 2024 में लगातार चुनाव जीत चुके हैं। मोदी ने करीब 24 सालों तक किसी न किसी लोकतांत्रिक पद पर रहकर सरकार चलाई है। पहले गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में और अब देश के प्रधानमंत्री के रूप में। बता दें कि गुजरात के वडनगर में एक साधारण परिवार में जन्मे नरेंद्र मोदी बचपन में अपने पिता के साथ रेलवे स्टेशन पर चाय बेचते थे। इसके बाद उन्होंने आरएसएस (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) से जुड़कर अपना राजनीतिक सफर शुरू किया और बीजेपी में ऊंचे पदों तक पहुंचे। 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री बने और 2014 में पहली बार प्रधानमंत्री, फिर 2019 और 2024 में भी भारी बहुमत से सत्ता में लौटे। पीएम मोदी ने न सिर्फ भारत में अपनी पकड़ मजबूत की, बल्कि दुनिया में भी भारत की छवि को मजबूती से पेश किया।
