रांची
पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी विमल लकड़ा बीते 15 दिनों से बीमार चल रहे हैं और रांची के दीपाटोली स्थित क्युरेस्टा अस्पताल में उनका इलाज जारी है। वह आईसीयू में भर्ती हैं और न्यूरो विभाग की विशेषज्ञ टीम उनकी निगरानी कर रही है।
सोमवार को 'झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा' के विधायक जयराम कुमार महतो अस्पताल पहुंचे और विमल लकड़ा के स्वास्थ्य की जानकारी ली। अस्पताल प्रबंधन की ओर से विधायक का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। इस दौरान न्यूरो विभाग के डॉ. संजय कुमार ने बताया कि लकड़ा के सिर में ब्लड क्लॉटिंग पाई गई है, फिलहाल उनकी स्थिति नियंत्रण में है और उन्हें आईसीयू में गहन देखभाल दी जा रही है।

विधायक ने हॉकी खिलाड़ी के परिजनों से भी मुलाकात की। धर्मपत्नी कांति लकड़ा ने बताया कि सिमडेगा स्थित अपने गांव में खेत में काम करते समय उन्हें चक्कर आया और वे गिर पड़े। पहले उन्हें सिमडेगा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से रांची रेफर कर दिया गया।
विधायक के साथ संगठन के वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्रनाथ महतो भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि लकड़ा के अस्वस्थ होने की खबर से खेल जगत और उनके प्रशंसकों में चिंता है। सभी उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना कर रहे हैं।
ज्ञात हो कि इससे पहले राज्यपाल संतोष गंगवार, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी सहित कई विधायक और सांसद भी अस्पताल जाकर विमल लकड़ा का हालचाल ले चुके हैं।
