रांची
दिशोम गुरु शिबू सोरेन के श्राद्ध कार्यक्रम के अवसर पर 16 अगस्त को नेमरा गांव में भारी जनसमूह उमड़ने की संभावना है। अनुमान है कि लाखों लोग इस आयोजन में भाग लेंगे। इसी को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने ट्रैफिक व्यवस्था में व्यापक बदलाव किए हैं।
रांची से रामगढ़ की ओर जाने वाले मार्गों पर विशेष प्रभाव पड़ेगा। लगभग 24 घंटे तक रामगढ़ क्षेत्र में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। नेमरा गांव में आयोजित श्राद्ध भोज को लेकर प्रशासनिक तैयारियां जोरों पर हैं, जिसमें पार्किंग स्थल, हेलीपैड और सड़क व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

16 अगस्त को ओरमांझी ब्लॉक चौक से सिकिदिरी होकर गोला (रामगढ़) जाने वाले मार्ग पर सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक छोटे और बड़े मालवाहक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बंद रहेगी। इसी प्रकार, सिल्ली और मुरी मार्ग से गोला की ओर जाने वाले रास्ते पर भी यही पाबंदी लागू रहेगी।
सिकिदिरी, रामगढ़ और पेटरवार के नजदीक भारी वाहनों को रोके जाने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। वहीं, गोला चौक पर ट्रैफिक नियंत्रण के लिए चौबीसों घंटे पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहेंगे।
