रामगढ़
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आज उनके पैतृक आवास नेमरा, रामगढ़ में कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कई वरिष्ठ नेताओं ने मुलाकात की और हाल ही में दिवंगत हुए पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। शोक-संवेदना व्यक्त करने वालों में मंत्री इरफान अंसारी, दीपिका पाण्डेय, शिल्पी नेहा तिर्की, झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, विधायक प्रदीप यादव तथा विधायक ममता देवी शामिल थे।

इस मौके पर सभी नेताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा शोकाकुल परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति एवं धैर्य प्रदान करने की कामना की। दिशोम गुरु शिबू सोरेन झारखंड आंदोलन के प्रणेता, आदिवासी समाज के मजबूत स्तंभ और राज्य की राजनीति की एक प्रभावशाली आवाज थे। उनके निधन से समस्त राज्य में शोक की लहर है।
