logo

छात्रों पर लाठी चार्ज झारखंड सरकार के ताबूत पर आखिरी कील साबित होगा- बाबूलाल मरांडी 

छात्रों पर लाठी चार्ज झारखंड सरकार के ताबूत पर आखिरी कील साबित होगा- बाबूलाल मरांडी 

रांची 

झारखंड बीजेपी के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी (Babulal marandi) ने कहा कि जेएसएससी (JSSC) के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठी चार्ज झारखंड सरकार के ताबूत पर आखिरी कील साबित होगा। कहा कि झारखंड की हेमंत सरकार जिन छात्रों को नौकरी का वादा कर सत्ता में आय़ी, आज वही सरकार छात्रों पर लाठी चार्ज करा रही है। छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। कहा कि हेमंत सरकार ने छात्रों पर लाठी चार्ज कराकर नैतिक समर्थन खो दिया है। अब सीएम हेमंत को खुद ही अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिये। उन्होंने फिर से दोहराया कि आनेवाले दिनों में हेमंत की जगह होटवार जेल में होगी। कहा कि हेमंत सोरेन ईडी का सामना करने से संकोच करते रहे हैं, इसी से पता चलता है कि उन्होंने कुछ गलत किया है। 

 JSSC मुख्यालय का घेराव कर रहे थे छात्र 
बता दें कि आज बुधवार को हजारों की संख्या में छात्र JSSC मुख्यालय का घेराव कर रहे थे। इस दौरान पुलिस बल की तरफ से लाठीचार्ज कर दिया गया है। छात्रों में भगदड़ मच गई है। दरअसल झारखंड राज्य कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित झारखंड स्नातक संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 में गड़बड़ी की शिकायत को लेकर जेएसएससी ऑफिस के बाहर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज किया गया है। छात्रों ने आज के घेराव कार्यक्रम की घोषणा दो दिन पहले ही की थी। 

सुरक्षा के लिए तैनात जवानों पर पत्थरबाजी 

प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों की तरफ से भी वहां तैनात जवानों पर पत्थरबाजी की खबर है। इस दौरान एक जवान के घायल होने की सूचना मिल रही है। घटनास्थल से जो तस्वीरें सामने आई है जिसमें काफी अफरा-तफरी के हालात दिख रहे हैं। जवान, प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों को खदेड़ने का प्रयास कर रहे हैं। जानकारी के मुताबिक अभ्यर्थियों ने जेएसएससी अध्यक्ष नीरज सिन्हा की गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया गया है।