logo

खूंटी के जिला परिषद अध्यक्ष मसीह गुड़िया गिरफ्तार, महिला ने लगाया शादी कर धोखा देने का आरोप

masih_gudiya.jpg

रांची
खूंटी जिला परिषद अध्यक्ष मसीह गुड़िया को शनिवार को उनके चेम्बर से रांची पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी चुटिया थाना में दर्ज एक महिला की शिकायत के आधार पर की गई। रांची पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से जिला परिषद कार्यालय में कार्रवाई की। खूंटी के एसपी मनीष टोप्पो ने पुष्टि करते हुए कहा कि गिरफ्तारी रांची जिले की पुलिस द्वारा की गई है।
बताया गया कि मसीह गुड़िया के खिलाफ एक महिला ने चुटिया थाने में गंभीर आरोपों के साथ मामला दर्ज कराया था। इससे पूर्व महिला अपनी शिकायत लेकर खूंटी पुलिस के पास पहुंची थी, लेकिन मामला रांची से जुड़ा होने के कारण आवेदन को एसएसपी कार्यालय रांची भेज दिया गया। जांच के बाद पुलिस ने चुटिया थाना में एफआईआर दर्ज की और आगे की कार्रवाई की।


महिला ने क्या लगाए हैं आरोप
महिला ने एफआईआर में बताया है कि उसकी शादी 7 फरवरी 2024 को दिवड़ी मंदिर में और 23 अप्रैल 2024 को रांची रजिस्ट्री ऑफिस में मसीह गुड़िया से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद भी पति ने उसे घर नहीं ले जाया। कहा गया कि सामाजिक रूप से विवाह के बाद ही ससुराल ले जाएंगे, लेकिन अब तक ऐसा नहीं हुआ।
महिला के अनुसार, 6 जुलाई 2024 के बाद पति और उनके परिवार का व्यवहार पूरी तरह बदल गया। ननद ने फोन पर धमकाया और कहा कि वह उनके भाई को छोड़ दे। महिला ने आरोप लगाया कि अक्टूबर 2024 में मसीह गुड़िया ने उससे 30 लाख रुपये की मांग की। इसके बाद उन्होंने बातचीत बंद कर दी। वहीं, महिला ने मसीह गुड़िया के ड्राइवर पर भी अश्लील बातें करने का आरोप लगाया है।


शादी से पहले यौन शोषण और जान से मारने की धमकी का आरोप
एफआईआर में महिला ने दावा किया है कि शादी से पहले 23 जनवरी 2024 को मसीह गुड़िया ने कार में जबरन उसका शारीरिक शोषण किया। विवाह के दिन उसे दस घंटे तक बंधक बनाकर रखा गया। आरोप है कि विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने पर मसीह गुड़िया उसे अपशकुन कहने लगे। महिला ने अपने पति और उनके ड्राइवर पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
पहले से था विवाद, अविश्वास प्रस्ताव भी लाया गया
जिला परिषद अध्यक्ष मसीह गुड़िया के खिलाफ पूर्व में ही परिषद सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव लाया था। वहीं, कुछ दिन पहले मसीह गुड़िया ने मीडिया से बातचीत में कहा था कि महिला द्वारा लगाए गए सभी आरोप झूठे और राजनीतिक साजिश के तहत हैं। उनका कहना था कि उनकी लोकप्रियता से घबराकर विरोधियों ने उन्हें फंसाने का षड्यंत्र रचा है। पूरे मामले की जांच रांची पुलिस कर रही है और अब गिरफ्तारी के बाद पूछताछ की प्रक्रिया शुरू होगी।

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest