logo

झारखंड में राज्यसभा की 2 सीटों के लिए आज मतदान, सुबह 9 बजे से शुरू होगी वोटिंग

जदीो.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए गुरुवार को मतदान कराया जाएगा। विधानसभा परिसर में सुबह 9 बजे से वोटिंग शुरू होगी, जो शाम 4 बजे तक चलेगी। मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटियों को सीलबंद कर चुनाव आयोग को सूचना भेजी जाएगी। आयोग की अनुमति मिलने के बाद शाम करीब 5 बजे मतगणना शुरू होगी। चुनावी अधिकारियों के अनुसार रात तक परिणाम घोषित किए जाने की संभावना है। मतदान और मतगणना को लेकर सभी प्रशासनिक और सुरक्षा तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस बार राज्यसभा चुनाव का मुकाबला काफी दिलचस्प माना जा रहा है। झामुमो ने बैजनाथ राम, कांग्रेस ने प्रणव झा और एनडीए समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में परिमल नाथवानी को मैदान में उतारा है। नाथवानी की उम्मीदवारी ने चुनावी गणित को नया मोड़ दे दिया है, जिसके बाद राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ गई है। सभी दल अपने-अपने उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं।


संख्या बल और वोटों का गणित
विधानसभा में महागठबंधन के पास कुल 56 विधायकों का समर्थन है, जिसे दोनों उम्मीदवारों की जीत के लिए पर्याप्त माना जा रहा है। दूसरी ओर एनडीए के पास 24 विधायक हैं। ऐसे में अतिरिक्त वोटों की संभावना और क्रॉस वोटिंग को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसी वजह से चुनावी माहौल और अधिक रोमांचक हो गया है तथा राजनीतिक गतिविधियां लगातार बढ़ती जा रही हैं।


विधायकों पर विशेष नजर
क्रॉस वोटिंग या किसी तरह की टूट-फूट की आशंका को देखते हुए सभी राजनीतिक दल सतर्क हैं। कांग्रेस और एनडीए दोनों ने अपने-अपने विधायकों को होटल में ठहराया है तथा मतदान प्रक्रिया को लेकर लगातार दिशा-निर्देश दिए गए हैं। गुरुवार सुबह सभी विधायक बसों के जरिए विधानसभा पहुंचेंगे। भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने दावा किया है कि एनडीए के सभी विधायक एकजुट हैं और पूरी तैयारी के साथ मतदान में हिस्सा लेंगे।

 

Tags - Jharkhand RajyaSabhaElection Politics Ranchi Voting