logo

जंगल में बैठकर चला रहे थे साइबर ठगी का खेल, जामताड़ा पुलिस ने तीन शातिरों को दबोचा

गजे4.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन शातिर अंतर्राज्यीय साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर डीएसपी अमित कुमार रविदास के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने जामताड़ा और करमाटांड़ थाना क्षेत्र में छापेमारी कर आरोपियों को दबोचा। इस कार्रवाई की जानकारी एसपी शंभु कुमार सिंह ने गुरुवार को प्रेस वार्ता में दी। इस दौरान साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल भी मौजूद रहे। पुलिस के अनुसार जामताड़ा थाना क्षेत्र के सुपाईडीह और शेखपुरा गांव के बीच स्थित जंगल में छापेमारी कर दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं करमाटांड़ थाना क्षेत्र के पिंडारी मैदान के पास खजूर के पेड़ के नीचे बैठकर ठगी की योजना बना रहे एक अन्य आरोपी को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सनातन दास (30), नितेश दास (22) और सिराज अंसारी (26) के रूप में हुई है। तीनों जामताड़ा जिले के ही रहने वाले हैं।

गूगल मैप पर बैंक का नंबर बदलकर करते थे ठगी

जांच में खुलासा हुआ कि सनातन दास और नितेश दास गूगल मैप पर यूनियन बैंक और एक्सिस बैंक की लोकेशन में दर्ज कस्टमर केयर नंबर से छेड़छाड़ करते थे। दोनों आरोपी बैंक का असली हेल्पलाइन नंबर हटाकर अपना मोबाइल नंबर दर्ज कर देते थे। जब कोई ग्राहक गूगल से नंबर निकालकर बैंक समझकर कॉल करता था तो ये खुद को बैंक अधिकारी बताकर खाते की जानकारी, ओटीपी और अन्य गोपनीय सूचनाएं हासिल कर लेते थे। इसके बाद ग्राहकों के खातों से पैसे उड़ा लेते थे। तीसरा आरोपी सिराज अंसारी लोगों को फोन कर खुद को बैंक अधिकारी बताता था। वह ग्राहकों को क्रेडिट कार्ड बंद होने का डर दिखाता या नया कार्ड एक्टिवेट कराने का झांसा देता था। बातचीत के दौरान वह ओटीपी और बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल कर साइबर ठगी को अंजाम देता था। पुलिस का कहना है कि आरोपी काफी समय से इस तरीके से लोगों को निशाना बना रहे थे।

9 मोबाइल और 22 अवैध सिम कार्ड बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से विभिन्न कंपनियों के 9 स्मार्टफोन और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जारी किए गए 22 अवैध सिम कार्ड बरामद किए हैं। बरामद सामान की जांच की जा रही है, ताकि इनके नेटवर्क और अन्य साथियों का पता लगाया जा सके। पुलिस को आशंका है कि इनका गिरोह कई राज्यों में सक्रिय था। इस मामले में साइबर अपराध थाना में कांड संख्या 36/26 दिनांक 18 जून 2026 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (आईटी एक्ट) और टेलीकम्युनिकेशन एक्ट 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस छापेमारी अभियान में साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस अवर निरीक्षक नितीश कुमार और सहायक अवर निरीक्षक हीरालाल महतो की अहम भूमिका रही।

 

Tags - Jamtara News Cyber Crime Jharkhand Police Online Fraud Crime News