logo

जमशेदपुर : कचरे के ढेर में बोरे में बंद मिला मवेशी के बच्चे का शव, टेल्को की महानंद बस्ती में हंगामा

कचरे के ढेर में बोरे में बंद मिला मवेशी के बच्चे का शव, टेल्को की महानंद बस्ती में हंगामा

जमशेदपुर 
Jamshedpur News:
जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र स्थित जेक्को की महानंद बस्ती में सोमवार रात कचरे के ढेर में मवेशी के बच्चे का शव मिलने से इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। शव मिलने की खबर फैलते ही स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और घटनास्थल पर जुटकर हंगामा करने लगे। लोगों ने घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए टेल्को पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। एहतियात के तौर पर घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

बोरे में बंद कर कचरे के ढेर में फेंका गया था शव
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 10 बजे बस्ती के पास कचरे के ढेर में मवेशी के बच्चे का शव मिला। बताया जा रहा है कि शव को बोरे में बंद कर कचरे के ढेर में फेंका गया था। बाद में कुत्तों ने बोरे को नोचकर फाड़ दिया, जिसके बाद शव दिखाई देने लगा। इसकी जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुटने लगे। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और घटना को लेकर नाराजगी बढ़ने लगी।

दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि किसी असामाजिक तत्व ने जानबूझकर इस तरह की हरकत की है। उन्होंने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच करने, जिम्मेदार लोगों की पहचान करने और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे टेल्को थाना के पुलिसकर्मियों ने लोगों को समझाया और नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद स्थिति को नियंत्रित किया जा सका।

बस्ती में गंदगी को लेकर भी जताई नाराजगी
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बस्ती में गंदगी और कचरे के ढेर की समस्या पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि इलाके में नियमित सफाई नहीं होने के कारण जगह-जगह कचरा जमा रहता है। लोगों ने प्रशासन से सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की।

पुलिस कर रही मामले की जांच
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। शव को कचरे में किसने और किन परिस्थितियों में फेंका, इसकी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
 

Tags - Jamshedpur News Telco Thana Jamshedpur Latest News Crime News Jamshedpur Jharkhand News