धनबाद
झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय मीडिया पैनलिस्ट व केंद्रीय सदस्य डॉ. नीलम मिश्रा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी है कि झारखंड सरकार की पहल पर धनबाद नगर निगम द्वारा बाबूडीह क्षेत्र में निम्न आय वर्ग और जरूरतमंद लोगों के लिए किफायती दर पर आवासों का निर्माण कराया गया है। यह परियोजना उन परिवारों के लिए आशा की एक नई किरण है, जिनके पास अब तक खुद का आशियाना नहीं था।
डॉ. मिश्रा ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्घाटन शुक्रवार, 11 जुलाई 2025 को राज्य के शहरी विकास मंत्री सुद्विय कुमार सोनू द्वारा किया जाना था, लेकिन झारखंड मंत्रिपरिषद की बैठक के कारण कार्यक्रम फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि आगामी सप्ताह में उद्घाटन समारोह आयोजित कर लाभुकों को सम्मानपूर्वक गृह प्रवेश कराया जाएगा।

इस मौके पर उन्होंने भाजपा पर तीखा हमला करते हुए कहा कि धनबाद में वर्षों तक भाजपा के सांसद, विधायक और मेयर रहे, लेकिन गरीबों के लिए कभी किसी ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उन्होंने कहा, "आज जब झारखंड सरकार गरीबों को सिर ढकने के लिए छत दे रही है, तब भाजपा के नेता सस्ती राजनीति कर सरकार के खिलाफ भ्रामक प्रचार कर रहे हैं।"
उन्होंने जनता से अपील की कि भाजपा के बहरूपिए नेताओं से सतर्क रहें और किसी प्रकार की अफवाहों में न आएं। झारखंड मुक्ति मोर्चा ने भरोसा दिलाया है कि बाबूडीह में बने आवासों का विधिवत उद्घाटन जल्द होगा और लाभुक परिवारों को सम्मानपूर्वक उनका हक दिलाया जाएगा।
