द फॉलोअप डेस्क
पलामू में लगातार हो रही बारिश के चलते पुराने और कच्चे मकानों की हालत काफी कमजोर हो गयी है। कई मकान हादसे को न्योता दे रहे हैं। ऐसा ही एक दर्दनाक हादसा छतरपुर थाना क्षेत्र के उदयगढ़ गांव में हुआ, जहां मिट्टी का मकान गिरने से 55 वर्षीय राजदेव यादव की मौत हो गयी।
मिली जानकारी के अनुसार, राजदेव यादव का एक पक्का और एक कच्चा मकान था। पक्के मकान में वे अपने परिवार के साथ रहते थे, जबकि कच्चे मकान में मवेशी बांधते थे। सोमवार शाम राजदेव यादव जब कच्चे मकान का दरवाजा खोल रहे थे, तभी अचानक दीवार उनके ऊपर गिर गयी।
परिजनों ने किसी तरह मलबे से उन्हें बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उन्हें मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी। थाना प्रभारी प्रशांत प्रसाद ने बताया कि घटना उस समय हुई, जब राजदेव यादव दरवाजा खोल रहे थे और मिट्टी की कमजोर दीवार उनके ऊपर गिर गयी। घटना के बाद से गांव में मातम का माहौल है और परिजन गम में डूबे हैं। लगातार बारिश के कारण पलामू के कई कच्चे मकान जर्जर हो चुके हैं, जिससे ऐसे हादसों का खतरा और भी बढ़ गया है।
