द फॉलोअप डेस्क
दुमका से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। काठीकुंड प्रखंड के बिछियापहाड़ी गांव निवासी राजेश सोरेन ने अपनी पत्नी की पत्थर से कूचकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान अमड़ापाड़ा (पाकुड़) के जामकेन्द्र गांव निवासी युवती के रूप में हुई है, जिसकी शादी बिछियापहाड़ी गांव में राजेश सोरेन से हुई थी।
यह वारदात गुरुवार दोपहर पांदनपहाड़ी पंचायत अंतर्गत मोहनपुर गांव के पास हुई। हत्या के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने देर रात गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, दंपति किसी रिश्तेदार के घर मोहनपुर गए थे और गुरुवार को दोनों पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। गुस्से में आकर राजेश ने पत्नी पर पत्थर से हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गयी।
थाना प्रभारी त्रिपुरारी कुमार ने बताया कि राजेश को अपनी पत्नी पर किसी अन्य पुरुष से संबंध होने का शक था। इसी शक में उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर थाना में रखा है और शुक्रवार को पोस्टमार्टम के लिए पीजेएमसीएच भेजा जाएगा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार राजेश की मानसिक स्थिति भी पहले से ठीक नहीं थी। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
