द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग पुलिस ने 13 माइल ट्रांसपोर्ट रोड पर हाईवा वाहनों पर हुई गोलीबारी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रिंस खान गिरोह के संदिग्ध सदस्य अंकित कुमार पांडेय को गिरफ्तार किया है। बड़कागांव थाना कांड संख्या 133/26 के तहत हुई कार्रवाई के दौरान पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ की स्थिति बनी, जिसमें अंकित के पैर में गोली लगी। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। अंकित पिपराडीह निवासी अरुण कुमार पांडेय का बेटा है और उसे पहले पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था। जांच के दौरान उसके मोबाइल में टेलीग्राम के जरिए प्रिंस खान गिरोह के सदस्यों से बातचीत के साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस को मामले में अहम सुराग मिले।

पुलिस टीम पर फायरिंग की कोशिश
पुलिस के मुताबिक, अंकित की निशानदेही पर हथियार और अन्य सामान की बरामदगी के लिए टीम पिपराडीह के पास स्थित बंद पड़े गैस प्लांट पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मियों से बचकर भागने की कोशिश की और बरामद हथियार से पुलिस टीम पर फायरिंग की। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए उसे काबू में लिया। घटनास्थल से एक देसी पिस्तौल, 7.62 एमएम का एक खोखा, एक मिस फायर गोली, एक जिंदा कारतूस, एक देसी बम और चार हस्तलिखित धमकी भरे पर्चे बरामद किए गए हैं। हजारीबाग एसपी अमन कुमार ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि ट्रांसपोर्टिंग वाहनों पर फायरिंग के मामले में प्रिंस खान गिरोह से जुड़े आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है

25 जुलाई की घटना को लेकर पूछताछ में अहम खुलासा
पुलिस पूछताछ में अंकित ने 25 जुलाई की रात 13 माइल ट्रांसपोर्ट रोड पर अपने साथियों के साथ मिलकर गोलीबारी की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, घटना को प्रिंस खान गिरोह के नाम पर अंजाम देकर इलाके में भय का माहौल बनाने की कोशिश की गई थी। घटनास्थल पर धमकी भरे पर्चे भी छोड़े गए थे। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि घटना में इस्तेमाल हथियार और बम पिपराडीह गांव के पास बंद पड़े गैस प्लांट में छिपाए गए हैं। इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बरामदगी की कार्रवाई की।