रांची
विजयादशमी के पावन अवसर पर मोरहाबादी मैदान में पंजाबी-हिंदू बिरादरी दशहरा कमेटी एवं दुर्गा पूजा एवं रावण दहन समिति, अरगोड़ा द्वारा भव्य दशहरा एवं रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों को दशहरा की शुभकामनाएं देते हुए कहा, “विजयादशमी बुराई पर अच्छाई की, अन्याय पर न्याय की और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। यह पर्व समाज को सही दिशा में प्रेरित करता है और हमारी संस्कृति एवं सभ्यता की पहचान है।"
उन्होंने कहा कि खराब मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति यह दर्शाती है कि झारखंड की जनता अपनी संस्कृति और परंपरा से गहराई से जुड़ी हुई है। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य की जनता आपसी भाईचारे और सामंजस्य के साथ झारखंड को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएगी।
इस अवसर पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, मंत्री राधाकृष्ण किशोर, विधायक सी. पी. सिंह, विधायक नवीन जायसवाल, राज्य सरकार के दर्जा प्राप्त मंत्री विनोद पांडे, JSCA अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, पंजाबी-हिंदू बिरादरी दशहरा कमेटी मोरहाबादी के अध्यक्ष सुधीर उग्गल, चेयरमैन कुणाल अजमानी, पूर्व अध्यक्ष राजेश खन्ना, दुर्गा पूजा एवं रावण दहन समिति अरगोड़ा के अध्यक्ष पंकज कुमार साहू सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।