logo

सरयू नदी में नहाने गई 4 लड़कियां डूबीं, 3 बचाई गईं, एक की तलाश जारी

drowned.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

बलिया जिले के मनियार थाना क्षेत्र के पुरुषोत्तम पट्टी गांव में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। गर्मी की छुट्टियों में रिश्तेदार के यहां आईं चार किशोरियां सरयू नदी में नहाने गई थीं। नहाते समय वे अचानक गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। घटना के वक्त नदी किनारे मौजूद मजदूरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत हरकत में आते हुए तीन लड़कियों को किसी तरह बचा लिया। लेकिन 15 वर्षीय हिमांशु यादव नदी की तेज धारा में बह गई और अभी तक उसका कोई पता नहीं चल सका है। उसकी तलाश लगातार जारी है।


रेस्क्यू में जुटी एनडीआरएफ की टीम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंच गया। वाराणसी से एनडीआरएफ की 35 सदस्यीय टीम को बुलाया गया है, जो उपनिरीक्षक रामाज्ञा शुक्ला के नेतृत्व में दोपहर दो बजे से सघन तलाशी अभियान चला रही है। स्थानीय मछुवारों की भी सहायता ली जा रही है।
परिजनों का बुरा हाल, गांव में शोक का माहौल
हादसे की खबर जैसे ही घरवालों को मिली, पूरे परिवार में कोहराम मच गया। हिमांशु के माता-पिता की चीख-पुकार सुनकर घाट पर मौजूद हर किसी की आंखें नम हो गईं। गांव का माहौल गमगीन है और लोग नदी किनारे चमत्कार की उम्मीद में निगाहें टिकाए बैठे हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार, नायब तहसीलदार और थाना प्रभारी भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों का जायजा लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि एनडीआरएफ की मदद से लापता किशोरी को जल्द से जल्द खोजने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है।

Tags - Nationa। News Nationa। News Update Nationa। News।ive Country News Breaking News।atest