logo

पलामू में बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या, आपसी दुश्मनी की आशंका

mob_lynching3.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पलामू जिले के मनातू थाना क्षेत्र से हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां रंगेया के धांगरडीह टोला निवासी 60 वर्षीय बुजुर्ग फागुनी भैया की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्यारों ने वारदात को अंजाम देने के बाद शव को घर के बाहर ही फेंक दिया और मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी तब हुई जब परिजनों ने घर के बाहर फागुनी भैया का लहूलुहान शव देखा। परिजनों के शोर मचाने पर भारी संख्या में ग्रामीण वहां एकत्र हो गए, जिसके बाद तुरंत मनातु थाना को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मनातू थाना प्रभारी विक्की कुमार के अनुसार, प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि मृतक ओझा-गुणी का काम करते थे। अंदेशा जताया जा रहा है कि इसी वजह से किसी आपसी रंजिश या दुश्मनी के कारण इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। पुलिस फिलहाल गांव के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि हत्या के सही कारणों का पता चल सके।
इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस प्रशासन ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की छानबीन कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है ताकि मौत के सटीक कारणों और चोटों की प्रकृति का पता चल सके।
 

Tags - jharkhand news jharkhand khabar jharkhand update palamu news palamu khabar palamu update crime news crime update