देवघर
भारत में गुरुओं को हमेशा विशेष स्थान दिया गया है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए आज भी समाज में उन शिक्षकों को सम्मानित किया जाता है, जो बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। देवघर की शिक्षिका श्वेता शर्मा भी इन्हीं प्रेरणादायक शिक्षकों में से एक हैं।
श्वेता शर्मा देवघर के पुराने मीना बाजार के पास स्थित राजकीयकृत विवेकानंद मध्य विद्यालय में पढ़ाती हैं। उन्हें वर्ष 2025 के नेशनल टीचर्स अवार्ड के लिए चुना गया है। 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर उन्हें दिल्ली के विज्ञान भवन में राष्ट्रपति के हाथों सम्मानित किया जाएगा। गौरतलब है कि झारखंड से इस वर्ष इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए सिर्फ श्वेता शर्मा का ही चयन हुआ है।
निजी बातचीत में साझा की खुशी
ईटीवी भारत की टीम ने जब श्वेता शर्मा से संपर्क किया, तो उन्होंने राष्ट्रपति भवन और अन्य उच्चाधिकारियों के निर्देश का हवाला देते हुए कैमरे पर बोलने से इनकार किया। हालांकि, अनौपचारिक बातचीत में उन्होंने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए गर्व का विषय है और यह उनके काम की स्वीकृति का प्रतीक है।
बच्चों को खेल के माध्यम से पढ़ाने की अनोखी शैली
श्वेता शर्मा का मानना है कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं होनी चाहिए। वह देश-दुनिया की आधुनिक शिक्षण विधियों का अध्ययन करती हैं और उन्हें अपने विद्यार्थियों पर लागू करती हैं। उनका तरीका बच्चों को खेल-खेल में पढ़ाने का है, जिससे बच्चे पढ़ाई का आनंद लेते हैं और जल्दी सीखते हैं।

शिक्षा में नवाचार की मिसाल: डीईओ
जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) विनोद कुमार ने श्वेता शर्मा की तारीफ करते हुए कहा कि वह एक बहुप्रतिभाशाली शिक्षिका हैं, जो बच्चों पर दबाव डाले बिना उन्हें सीखने के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने बताया कि श्वेता बच्चों को पढ़ाते वक्त छड़ी की बजाय खिलौनों का इस्तेमाल करती हैं, ताकि बच्चों में डर नहीं बल्कि अपनापन विकसित हो।
डीईओ ने यह भी कहा कि इस सम्मान के बाद जिले के अन्य शिक्षक भी श्वेता शर्मा की शिक्षण शैली से प्रेरणा लेंगे, जिससे शिक्षण पद्धतियों में सुधार आएगा और बच्चे डर नहीं, बल्कि प्रेम से पढ़ाई करेंगे। श्वेता शर्मा को मिलने वाला यह राष्ट्रीय सम्मान न सिर्फ उनके लिए, बल्कि पूरे देवघर जिले के लिए गर्व की बात है। शिक्षक दिवस पर होने वाला यह सम्मान पूरे क्षेत्र के शिक्षकों के लिए प्रेरणास्त्रोत बनेगा।
