रांची
केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) का 87वां स्थापना दिवस एवं ग्रुप केंद्र रांची का 14वां स्थापना दिवस आज ग्रुप केंद्र सेम्बो, रांची परिसर में धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व उप महानिरीक्षक डी.एन. लाल ने किया। झारखंड सेक्टर के पुलिस महानिरीक्षक साकेत कुमार सिंह (भा.पु.से.) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि देने से हुई। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने सीआरपीएफ के स्वर्णिम इतिहास को रेखांकित करते हुए कहा कि यह विश्व का सबसे बड़ा अर्धसैनिक बल है, जिसकी स्थापना 27 जुलाई 1939 को मध्यप्रदेश के नीमच में हुई थी। स्वतंत्रता के बाद इसे "केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल" का नाम दिया गया और तब से यह देश की आंतरिक सुरक्षा, आतंकवाद, नक्सलवाद और अन्य राष्ट्रीय चुनौतियों का डटकर सामना कर रहा है।

स्थापना दिवस के अवसर पर वृक्षारोपण, 'खेलो इंडिया' साइकिल अभियान, वॉलीबॉल, और रस्साकशी प्रतियोगिता जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन कर डी.एन. लाल द्वारा किया गया, जिसमें बल के कार्मिकों ने लोकनृत्य, गायन और नाटकों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर ग्रुप केंद्र रांची के अतिरिक्त झारखंड सेक्टर, रेंज कार्यालय, कंपोजिट अस्पताल, 6 सिग्नल बटालियन, AWS-8 रांची, तथा C/244 बटालियन के अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिवारजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
