logo

मिहिजाम में कांग्रेस का महाशिविर : “मजबूत बूथ, मजबूत संगठन” का मंत्र गूंजा, कार्यकर्ताओं में भरा गया जोश

cong03251.jpg

जामताड़ा
मिहिजाम हांसीपहाड़ी स्थित नगर भवन में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित संगठन सृजन अभियान सह प्रशिक्षण शिविर ऐतिहासिक सफलता के साथ संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में जामताड़ा, देवघर और दुमका जिलों के जिला, प्रखंड एवं नगर अध्यक्षों सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं और पर्यवेक्षकों ने भाग लिया।
शिविर में कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की उपस्थिति रही।
प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा, “पार्टी का भविष्य संघर्ष और सेवा में निहित है। कांग्रेस का आधार कार्यकर्ता है और संगठन की शक्ति बूथ स्तर पर टिकी है। हमें गांव-गांव जाकर जनता से संवाद स्थापित करना होगा। संगठन को केवल चुनावी ताकत नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव का माध्यम बनाना है।”


स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा, “आज का युग संगठन निर्माण और समर्पण का है। हर कार्यकर्ता को अपने वार्ड, पंचायत और प्रखंड में कांग्रेस का चेहरा बनना होगा। बूथ सशक्तिकरण ही जीत की असली चाबी है। कांग्रेस की जड़ें गहरी हैं और हमारे सिद्धांत आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। अब समय आ गया है कि हर कांग्रेसी अपने अंदर एक नेता पैदा करे, ज़िम्मेदारी उठाए और कांग्रेस को जन-जन की आवाज़ बनाए। संगठन को सिर्फ चुनाव के समय नहीं, हर दिन जीना होगा—तभी कांग्रेस फिर से भारत की आत्मा बन सकेगी।”
ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे ने कहा, “कांग्रेस समावेशी राजनीति और सामाजिक न्याय की प्रतीक रही है। हमें महिलाओं और युवाओं को संगठन से जोड़कर नई ऊर्जा लानी होगी। यदि ये वर्ग कांग्रेस के साथ मजबूती से जुड़ते हैं, तो कांग्रेस पुनः जनता की पहली पसंद बनकर उभरेगी।”
कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा, “कार्यकर्ता ही संगठन की आत्मा हैं। हमें सरकार से पहले जनता के बीच पहुंचकर सिस्टम को सुधारना होगा। जब तक हम ज़मीन से नहीं जुड़ेंगे, तब तक परिवर्तन संभव नहीं। सभी को मिलकर कांग्रेस को मजबूत बनाना होगा।”


पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने कहा, “राहुल गांधी देश के वंचितों, गरीबों और अल्पसंख्यकों की लड़ाई लड़ रहे हैं। हमें उनके संघर्ष में कंधे से कंधा मिलाकर साथ देना है। आप पार्टी की जड़ों को मजबूत कीजिए, हम उन्हें सींचने का कार्य करेंगे।”
पूर्व मंत्री बादल पत्रलेख ने कहा, “यह प्रशिक्षण शिविर संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। कार्यकर्ताओं को हर परिस्थिति में पार्टी के साथ अडिग खड़ा रहना चाहिए, यही सच्चे सिपाही की पहचान है।”
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप बालमुचू ने कहा, “संगठन को टेक्नोलॉजी के साथ आगे बढ़ाना जरूरी है। सोशल मीडिया, जनसंपर्क और मुद्दों पर संवाद हमारी ताकत बननी चाहिए। कार्यकर्ता अगर प्रशिक्षित हों, तो चुनाव कोई भी हो—कांग्रेस विजयी होगी।”


प्रशिक्षण के प्रमुख बिंदु:
•    बूथ सशक्तिकरण की रणनीति
•    जनसंपर्क और संवाद कौशल
•    सोशल मीडिया का प्रभावी उपयोग
•    जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार
•    युवाओं और महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसमें सभी कार्यकर्ताओं ने देशभक्ति और संगठन के प्रति अपने समर्पण का संकल्प दोहराया। इस अवसर ने न केवल कांग्रेस के जमीनी संगठन को मजबूती दी, बल्कि कार्यकर्ताओं के बीच नई प्रेरणा और ऊर्जा का भी संचार किया। यह शिविर आने वाले समय में कांग्रेस संगठन के लिए मील का पत्थर सिद्ध होगा।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख नेता:
केशव महतो कमलेश, इरफान अंसारी, दीपिका पांडे, प्रदीप यादव, फुरकान अंसारी, प्रदीप कुमार बलमूचू, बादल पत्रलेख, बजेंद्र सिंह, अजय दुबे, सतीश पौल मुजनी, संजय मुन्नन, श्यामल किशोर सिंह, अवधेश प्रजापति, उदय प्रताप सिंह, दीपीका बेसरा, महेश चन्द्रवशी, राजेंद्र दास, मुक्ता मंडल, बेबी पासवान, संजय सेवेसटीन मरांडी, पौलूस सोरेन, इसरादूल आरसी, साबाना खातून, पूर्णिमा धर, अजरूद्दीन, संजय यादव, बबई सोरेन, उपेन्द्र राय समेत कई अन्य नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest