खूंटी
खूंटी–सिमडेगा मुख्य सड़क पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में डोड़मा आरसी चर्च से जुड़े दो फादरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक फादर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि एक क्रेटा कार सीधे सड़क पर चल रहे ट्रक में जा घुसी और उसके भीतर फंस गई।
मृतकों की पहचान डोड़मा निवासी फादर सुशील प्रवीण टिडू और बागरटोली निवासी फादर सुनील भेंगरा के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल फादर जॉन्सन भेंगरा, जो वर्तमान में असम के एक चर्च में पदस्थापित हैं, को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों फादर तोरपा से एक कार्यक्रम में शामिल होकर डोड़मा स्थित चर्च लौट रहे थे। इसी दौरान देर रात उनकी कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार ट्रक के भीतर तक घुस गई, जिससे राहत और बचाव कार्य में काफी परेशानी हुई।
सूचना मिलने पर तोरपा उप प्रमुख संतोष कर मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। थाना प्रभारी मुकेश यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि बीते 13 दिनों में इलाके में सड़क हादसों में 9 लोगों की जान जा चुकी है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं से लोगों में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता और प्रशासन के प्रति नाराज़गी बढ़ती जा रही है।
