चाईबासा
चाईबासा में बैंक में नकदी जमा करने जा रहे पेट्रोल पंप कर्मचारियों पर अपराधियों ने हमला कर 5 लाख रुपये लूट लिए। बाइक पर सवार तीन हथियारबंद बदमाशों ने सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे इस वारदात को अंजाम दिया। घटना के दौरान कर्मचारियों को पिस्तौल की बट से मारकर घायल भी कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, आईबीपी पेट्रोल पंप (सिंहभूम ट्रेडिंग) के कर्मचारी विमलेश कुमार और संजय, मालिक पुनीत सेठिया के निर्देश पर बैंक ऑफ बड़ौदा में नकदी जमा करने पहुंचे थे। इसी दौरान अपराधियों ने दोनों को घेर लिया और हथियार दिखाकर रुपये छीन लिए। हमले में घायल विमलेश कुमार को खून से लथपथ हालत में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी तरुण कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने बताया कि लुटेरों की पहचान सीसीटीवी फुटेज से की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। इस वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
.jpg)