द फॉलोअप डेस्क
राज्यसभा चुनाव को लेकर झारखंड विधानसभा परिसर के बाहर राजनीतिक माहौल गर्माता जा रहा है। भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी के समर्थन में भाजपा कार्यकर्ता और नेता भी विधानसभा पहुंच गए हैं। विधानसभा गेट के बाहर भाजपा कार्यकर्ता नाथवानी का नामांकन पत्र रद्द नहीं करने की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी कर रहे हैं। दूसरी ओर कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता सुबह से ही परिमल नाथवानी का नामांकन रद्द करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं, जिससे विधानसभा परिसर के आसपास राजनीतिक सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है।

रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष जारी है सुनवाई
विधानसभा में रिटर्निंग ऑफिसर एवं प्रभारी सचिव रंजीत कुमार के कक्ष में परिमल नाथवानी के नामांकन पत्र की वैधता को लेकर सुनवाई जारी है। कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा की ओर से सुप्रीम कोर्ट से बुलाए गए वरिष्ठ अधिवक्ता नामांकन पत्र में कथित त्रुटियों को आधार बनाते हुए अपना पक्ष रख रहे हैं। कांग्रेस की मांग है कि नियमों के उल्लंघन और दस्तावेजों में कथित विसंगतियों के आधार पर नाथवानी का नामांकन रद्द किया जाए।

सलमान खुर्शीद भी पहुंचे, कांग्रेस नेताओं का जमावड़ा
सुनवाई के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता सलमान खुर्शिद भी विधानसभा पहुंच गए हैं। वह भी प्रणव झा की ओर से रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष कानूनी पक्ष रखेंगे। वहीं रिटर्निंग ऑफिसर के कक्ष के बाहर कांग्रेस नेताओं और विधायकों का भारी जमावड़ा लगा हुआ है। मंत्री राधाकृष्ण किशोर, दीपिका पांडेय सिंह, शिल्पी नेहा तिर्की, विधायक राजेश कच्छप, नमन बिक्सल कोंगाड़ी समेत एक दर्जन से अधिक नेता और जनप्रतिनिधि मौके पर मौजूद हैं। अब सभी की निगाहें रिटर्निंग ऑफिसर के अंतिम निर्णय पर टिकी हुई हैं।