द फॉलोअप डेस्क
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने एक बार फिर झारखंड सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में महिला की नृशंस हत्या ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध बेकाबू हो चुके हैं। विशेषकर जमशेदपुर और इसके आसपास के क्षेत्रों में अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। अपराधियों के सामने पुलिस प्रशासन पूरी तरह असहाय और प्रभावहीन नजर आ रहा है। कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने के बजाय झामुमो-कांग्रेस गठबंधन सरकार अपराधियों को संरक्षण देने में व्यस्त है। जनता में भय और आक्रोश का माहौल है। झारखंड पुलिस दोषियों को अविलंब गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करें।
जानकारी हो कि पूर्वी सिंहभूम के कोवाली थाना क्षेत्र के पोडाडीहा पंचायत के चांपी गांव में 3 महिलाओं पर धारदार हथियार से हमला किया गया है। एक महिला की मौत हो गई है। मृतक महिला की पहचान नीरासी सरदार (64) के रूप में हुई है। वहीं, महिला की बेटी गुलाबी सरदार (24) और नतिनी संध्या सरदार (16) गंभीर रूप से घायल हैं। घटना रविवार की देर रात की है। दोनों घायलों को इलाज चल रहा है। इधर, मृतका की एक और बेटी गीता सरदार ने बताया कि पिता के देहांत के बाद से मां, बहन और बहन की बेटी ही यहां रहती थी। मैं टाटा में रहती हूं। मुझे आज घटना की जानकारी मिली। जमीन जायदाद के विवाद को लेकर इस घटना को अंजाम दिया गया है।
