logo

झारखंड की जनता के दिलों में बसते हैं राज्य निर्माता श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी : बाबूलाल मरांडी

atal0123.jpg

रांची 
भारतीय जनता पार्टी, झारखंड प्रदेश द्वारा आज भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर झारखंड विधानसभा परिसर में स्थित उनकी आदमकद प्रतिमा और प्रदेश भाजपा कार्यालय में उनके चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. रविंद्र कुमार राय, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, डॉ. प्रदीप वर्मा, मनोज सिंह, महानगर अध्यक्ष वरुण साहू सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया।
इस अवसर पर बोलते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि "अटल बिहारी वाजपेयी एक विराट व्यक्तित्व का नाम है। वे मां भारती के सच्चे सपूत और कवि हृदय राजनेता थे, जो झारखंड की जनता के दिलों में आज भी बसे हुए हैं।"


उन्होंने कहा कि अटल जी ने स्वर्णिम चतुर्भुज योजना के माध्यम से विकसित भारत की नींव रखी, जबकि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से गांव और शहर के बीच की दूरी को पाटने का काम किया। पोखरण परमाणु परीक्षण के माध्यम से उन्होंने भारत को विश्व मंच पर एक सशक्त राष्ट्र के रूप में स्थापित किया।
कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. रविंद्र कुमार राय ने कहा कि अटल जी ने न केवल झारखंड को अलग राज्य का दर्जा दिलाया, बल्कि आधुनिक भारत के निर्माण में भी उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने एक विकसित और स्वाभिमानी भारत की नींव रखी।


प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि अटल जी जीवनपर्यंत अजातशत्रु रहे। वे सभी दलों के बीच समान रूप से सम्मानित थे। उन्होंने कहा कि अटल जी ने हमेशा देशहित को सर्वोपरि रखा और जब भी अवसर आया, उन्होंने विश्व मंच पर भारत का गौरव बढ़ाया तथा भारतीय संस्कृति की गरिमा को ऊंचा किया।
श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, आरती कुजूर, विकास प्रीतम, सुनीता सिंह, सरोज सिंह, हेमंत दास, सुबोध सिंह गुड्डू, शिवपूजन पाठक, योगेंद्र प्रताप सिंह, अशोक बड़ाइक, अरुण झा, सूरज चौरसिया, सुनील साहू, दीनदयाल वर्णवाल, संजय चौधरी समेत अनेक पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित थे।

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest