logo

2.20 करोड़ के इनामी नक्सली असीम मंडल से पूछताछ करेगी झारखंड पुलिस, 55 वारदातों के खुलासे की उम्मीद

2.20 करोड़ के इनामी नक्सली असीम मंडल से पूछताछ करेगी झारखंड पुलिस, 55 वारदातों के खुलासे की उम्मीद

द फॉलोअप डेस्क 
हाल में गिरफ्तार हुए सीपीआइ (माओवादी) सेंट्रल कमेटी के सदस्य और 2.20 करोड़ रुपये के इनामी नक्सल नेता असीम मंडल उर्फ आकाश से अब झारखंड पुलिस भी पूछताछ करने वाली है। असीम मंडल से पूछताछ के बाद पूर्वी सिंहभूम सहित झारखंड में दर्ज पुराने नक्सली मामलों में नई जानकारियां सामने आने की संभावना है। बता दें कि प बंगाल STF फिलहाल असीम मंडल को 10 दिनों की रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं, पूर्वी सिंहभूम पुलिस उसे रिमांड पर लेने की तैयारी में जुट गयी है। असीम के खिलाफ करीब 100 गंभीर मामले दर्ज हैं, इनमें 55 मामले पूर्वी सिंहभूम के अलग-अलग थानों में दर्ज हैं। इन मामलों की संख्या अधिक होने के कारण जिला पुलिस पुराने नक्सली कांडों के साथ उसके नेटवर्क और गतिविधियों से जुड़े पहलुओं की जानकारी जुटाना चाहती है। इसके लिए कानूनी प्रक्रिया की गति तेज कर दी गयी है। खबर है कि झारखंड पुलिस की टीम कोलकाता पहुंच चुकी है, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गयी है। 

26 वर्षों से नक्सली गतिविधियों में सक्रिय 

अबतक की सूचनाओं के अनुसार, असीम मंडल लगभग 26 वर्षों से नक्सली गतिविधियों में सक्रिय बताया जाता है। पूर्वी सिंहभूम और आसपास के क्षेत्रों में हुई कई बड़ी नक्सली घटनाओं में उसका नाम सामने आया है। वह बाघुड़िया में तत्कालीन सांसद सुनील महतो की हत्या, बुरुडीह लैंडमाइन विस्फोट में 11 जवानों की शहादत और धालभूमगढ़ के तत्कालीन बीडीओ के अपहरण समेत कई मामलों में नामजद आरोपी रहा है। झारखंड पुलिस की प्रस्तावित पूछताछ में इन पुराने मामलों के अलावा नक्सली संगठन के नेटवर्क, सहयोगियों और हथियारों से संबंधित जानकारी हासिल करने पर भी जोर रहेगा।

गिरफ्तारी को 5 दिन बीत चुके हैं
ये भी बता दें कि असीम मंडल की गिरफ्तारी को 5 दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस अब तक उसका कथित मुख्य हथियार AK-47 बरामद नहीं कर सकी है। पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को अब तक क्या जानकारी दी है, इस संबंध में भी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आयी है। दूसरी ओर, पश्चिम बंगाल पुलिस समीर महतो उर्फ मंगल को साथ लेकर झारखंड-बंगाल सीमा से लगे इलाकों में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। इस अभियान के जरिए हथियारों के संभावित ठिकानों और नक्सली नेटवर्क से जुड़े अन्य सुराग तलाशे जा रहे हैं।

हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/HH6GR1oBwB77Vy5eBcnoFo

 

Tags - Naxalite Asim Mondal Jharkhand Police East Singhbhum Maoist