रांची/चंदनकियारी
जम्मू-कश्मीर में ड्यूटी के दौरान सड़क हादसे में वीरगति को प्राप्त हुए चंदनकियारी निवासी सीआरपीएफ जवान मिलन सिंह राजपूत को श्रद्धांजलि देने रविवार को पूर्व नेता प्रतिपक्ष और भाजपा नेता अमर कुमार बाउरी उनके पैतृक गांव पहुंचे। वहां उन्होंने शहीद के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया।
मीडिया से बातचीत करते हुए अमर बाउरी ने कहा कि मिलन सिंह की शहादत चंदनकियारी ही नहीं, पूरे झारखंड के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि उनकी यह कुर्बानी क्षेत्र के युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करेगी।

इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब कोई जवान शहीद होता है, तो सामान्यतः राज्य सरकार की ओर से मंत्री स्तर के प्रतिनिधि श्रद्धांजलि देने पहुंचते हैं। लेकिन चंदनकियारी के इस जांबाज़ सपूत की अंतिम यात्रा में सरकार की ओर से कोई मंत्री उपस्थित नहीं हुआ। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा, "वर्तमान सरकार ने जनसेवा का भाव छोड़ दिया है। यह व्यवहार न केवल असंवेदनशील है, बल्कि क्षमा योग्य भी नहीं है।" बाउरी ने मांग की कि राज्य सरकार जवान के परिजनों को हरसंभव सहयोग प्रदान करे और भविष्य में ऐसे मामलों में संवेदनशीलता दिखाए।
.jpg)