रांची
शहीद निर्मल महतो की जयंती के अवसर पर आजसू पार्टी प्रमुख एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने सिल्ली स्थित झारखंड मोड़ पर स्थापित शहीद निर्मल महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शहीद निर्मल महतो ने आजसू की स्थापना कर झारखंड आंदोलन को एक नई दिशा और ऊर्जा दी। सुदेश महतो ने कहा कि निर्मल महतो के बलिदान ने आजसू को उग्र और निर्णायक संघर्ष के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उसी संघर्ष की ताकत थी कि केंद्र सरकार को वर्ष 1989 में आजसू से बातचीत करने के लिए मजबूर होना पड़ा। उन्होंने कहा कि शहीद निर्मल महतो का सपना एक न्यायपूर्ण और सम्मानजनक झारखंड का था, जिसे साकार करने के लिए आजसू लगातार संघर्षरत रहेगी। इस मौके पर जयपाल सिंह, सुनील सिंह, संजय सिद्धार्थ सहित पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
