द फॉलोअप डेस्क
अहमदाबाद में 12 जून को हुए एयर इंडिया विमान हादसे की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट जारी कर दी गई है। यह रिपोर्ट भारत के विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) ने जारी की है। रिपोर्ट में कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर के आधार पर दोनों पायलटों की बातचीत और हादसे से ठीक पहले की तकनीकी गतिविधियों का विवरण दिया गया है।
BBC में छपी AAIB की रिपोर्ट के अनुसार, ब्रिटेन के गैटविक एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरने के कुछ सेकेंड बाद ही दोनों इंजन की फ्यूल सप्लाई बंद हो गई। इंजन नंबर 1 और 2 के फ्यूल कट-ऑफ स्विच 'रन' से 'कट-ऑफ' पोजिशन में चले गए, वो भी एक-एक सेकेंड के अंतराल में। इससे विमान की रफ्तार घटने लगी और वह तेजी से नीचे गिर गया। रिपोर्ट में बताया गया है कि जब इंजन बंद हुए, तो एक पायलट ने दूसरे से पूछा – "तुमने कटऑफ क्यों किया?" जवाब मिला – "मैंने नहीं किया।"हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका कि ये आवाज किस पायलट की थी।
कुछ सेकेंड बाद एक पायलट ने 'मेडे-मेडे-मेडे' कॉल एटीसी (Air Traffic Control) को भेजा। लेकिन उसके बाद कोई जवाब नहीं मिला। कुछ देर में एटीसी अधिकारियों ने विमान को क्रैश करते हुए देखा। AAIB ने कहा है कि यह अभी स्पष्ट नहीं है कि इंजन बंद होने की घटना मानवीय गलती थी या तकनीकी खामी। जब तक पूरी जांच नहीं होती, हादसे की असली वजह सामने नहीं आ सकती।
एयर इंडिया ने कहा, "हम इस हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोगों के परिवारों के साथ खड़े हैं और जांच में पूरी तरह सहयोग कर रहे हैं।" कंपनी ने रिपोर्ट के किसी खास हिस्से पर टिप्पणी नहीं की और जांच पूरी होने तक किसी भी विवरण से जुड़ी बातों के लिए एएआईबी से संपर्क करने को कहा।
