सरायकेला-खरसावां
सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बोलाईडीह स्थित शीतला मंदिर के समीप शनिवार को हुए जगन्नाथ गोप उर्फ 'काड़ा' हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी मनोज स्वर्गियारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि विशेष जांच टीम ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए शिवम प्रमाणिक, संजय नायक, प्रेम नायक और गणेश नायक को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दो लोहे की रॉड भी बरामद की गई हैं।
पुलिस के अनुसार इस हत्याकांड में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
