logo

गिरिडीह में तेज रफ़्तार स्कॉर्पियो ने मचाया तांडव, दो मासूम को रौंदा; फिर दुकान में घुसी गाड़ी

स्कॉर्पियो.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले के पचम्बा थाना क्षेत्र में बीती रात रफ्तार का जानलेवा खेल देखने को मिला है। यहाँ एक स्कॉर्पियो ने बिशनपुर से लेकर पचम्बा बाजार तक दो अलग-अलग जगहों पर लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। धनबाद से पचम्बा की ओर आ रही स्कॉर्पियो ने पहले बिशनपुर के समीप एक व्यक्ति को टक्कर मारी और बिना रुके भागते हुए पचम्बा बाजार पहुंच गई, जहां एक मासूम बच्चे को कुचल दिया। हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो में चालक समेत कुल आठ लोग सवार थे। बिशनपुर में टक्कर के बाद चालक ने वाहन नहीं रोका और तेज गति से पचम्बा बाजार की ओर बढ़ गया। इसी दौरान बाजार क्षेत्र में एक और मासूम बच्चा वाहन की चपेट में आ गया। इसके बाद अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे खड़ी कई दोपहिया गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया और एक दुकान में जा घुसी, जिससे दुकान को भी नुकसान पहुंचा।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और व्यापारियों की मदद से घायल बच्चे को तत्काल सदर अस्पताल गिरिडीह ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए धनबाद रेफर कर दिया।
स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि दुर्घटना इतनी भयावह थी कि स्कॉर्पियो सीधे दुकानों पर चढ़ गई। व्यापारियों का कहना है कि यदि उस समय दुकानों के बाहर ग्राहक मौजूद होते, तो जान-माल का नुकसान और भी अधिक हो सकता था। उन्होंने प्रशासन से आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही पचम्बा थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया। चालक, जिसकी पहचान खरगडीहा निवासी के रूप में हुई है, को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। वाहन में सवार अन्य सभी यात्री सुरक्षित बताए गए , जिन्हें बाद में दूसरी गाड़ी से धनबाद भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
 

Tags - jharkhand news jharkhand khabar jharkhand latest news giridih news giridih khabar giridih update