द फॉलोअप डेस्क
दुष्कर्म और हत्या के गंभीर मामले में सजा काट रहे एक बंदी ने गुरुवार को दुमका केंद्रीय जेल में आत्महत्या कर ली। जेल अधीक्षक कुमार चंद्रशेखर ने इस घटना की पुष्टि की है। बताया गया कि कैदी ने जेल के बाथरूम में खुदकुशी की। सूचना मिलते ही उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी हो कि मसलिया थाना क्षेत्र में 16 अप्रैल को एक 14 वर्षीय छात्रा का शव बरामद किया गया था। जांच में यह मामला दुष्कर्म के बाद हत्या का निकला। इस मामले में मृतका के चचेरे चाचा को 27 अप्रैल को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। जेल अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद से आरोपी मानसिक तनाव में था। तबीयत खराब रहने पर उसे जेल अस्पताल में भर्ती भी कराया गया था। गुरुवार को नहाने की बात कहकर वह बाथरूम गया और वहीं आत्महत्या कर ली। घटना के तुरंत बाद उसे फूलो झानो मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उसकी मौत की पुष्टि हुई। जेल प्रशासन ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की प्रक्रिया जारी है।