द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के कोवाली थाना क्षेत्र के मुकुंदासाई गांव में शुक्रवार रात भारी बारिश के कारण एक कच्चा मकान ढह गया, जिसमें मां-बेटी दब गईं। इस हादसे में 5 साल की बच्ची बिमला सरदार की मौके पर मौत हो गयी, जबकि उसकी मां उर्मिला सरदार गंभीर रूप से घायल हो गयीं। यह घटना हेंसड़ा पंचायत के मुकुंदासाई मौजा की है।
मिली जानकारी के अनुसार, इलाके में लगातार हो रही बारिश के कारण बबलू सरदार का कच्चा घर काफी कमजोर हो गया था। शुक्रवार की रात जब पूरा परिवार सो रहा था, उसी दौरान मकान का एक हिस्सा अचानक गिर गया। हादसे के समय बबूल सरदार अपनी पत्नी उर्मिला और 6 बच्चों के साथ घर में सो रहे थे। अचानक मकान का एक हिस्सा गिरा, जिसमें उर्मिला सरदार और उनकी बेटी बिमला दब गयीं।
बिमला सरदार की मौके पर ही जान चली गयी, जबकि उर्मिला को गंभीर चोटें आईं। उन्हें पोटका पुलिस की मदद से अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। साथ ही मुखिया संगीता सरदार ने सरकार से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है। गांव वालों ने बताया कि बबूल सरदार आर्थिक रूप से काफी कमजोर हैं और वे अपने परिवार के साथ जर्जर मकान में रहने को मजबूर थे। बारिश के चलते उनका घर और भी कमजोर हो गया था, पर मजबूरी में वे वहीं वह रहे थे।
