logo

NEET नहीं, पूरा NTA ही घोटालाग्रस्त, शिक्षा मंत्री इस्तीफा दें और CBI-ED से हो मामले की जांच- अंबा प्रसाद

AMBAAA1.jpg

रांची 

पूर्व बड़कागांव विधायक अंबा प्रसाद ने आज पीसी कर कहा कि NEET नहीं, पूरा NTA ही घोटालाग्रस्त है, शिक्षा मंत्री इस्तीफा दें और CBI-ED से मामले की जांच करायी जाए। अंबा ने आगे कहा, NTA जितने एग्जाम लेती है, उनमें NEET मात्र एक परीक्षा है। आप NEET की वेबसाइट पर जाइएगा और देखिएगा कि NTA 21 अन्य परीक्षाएं भी करवाती है, जो हर क्षेत्र से जुड़ी हुई हैं, चाहे डॉक्टर हो, इंजीनियर हो, वैज्ञानिक हो, मैनेजमेंट हो या कोई अन्य फील्ड। NTA को BJP ने 2017 में यह कहकर लाया था कि इसके आने से केंद्रीकरण होगा, पारदर्शिता आएगी और छात्रों को सुविधा मिलेगी। लेकिन अब स्टूडेंट और जनता दुविधा में पड़ गए हैं कि पारदर्शिता है तो कहाँ है? और सुविधा किसको मिली हुई है?

23 लाख छात्र NEET परीक्षा से प्रभावित हुए
उन्होंने आगे कहा, इस साल 23 लाख छात्र NEET परीक्षा से प्रभावित हुए हैं। इन्हें कौन न्याय देगा? दुबारा एग्जाम लेने का मतलब क्या है? क्या इससे लोगों को न्याय मिल गया? कहा कि अनुसंधान के नाम पर कुछ छोटे-मोटे व्यापारी, क्वेश्चन सॉल्वर, कोचिंग सेंटर संचालक, BJP के कुछ कार्यकर्ता, दलाल और कुछ डॉक्टर पकड़े गए हैं। वहीं केंद्र सरकार का शिक्षा मंत्रालय एवं NTA मैनेजमेंट ऐसे पेश आ रहा है, जैसे इस घटना की उसकी कोई जिम्मेदारी ही नहीं है। उसके ऊपर कोई दाग नहीं है। उसके ऊपर कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

ये सवाल भी उठाये 
अंबा ने कहा कि NTA द्वारा बाकी जितने एग्जाम लिए जाते हैं, क्या वे घोटाला-मुक्त हैं? उस तरफ किसी का ध्यान नहीं जा रहा है? NEET में अगर 23 लाख विद्यार्थी और परीक्षार्थी प्रभावित हुए हैं, तो NTA द्वारा ली जाने वाली बाकी परीक्षाओं से करोड़ों स्टूडेंट्स का भविष्य प्रभावित होता है। साथ ही देश का भी भविष्य प्रभावित हो रहा है। ऐसे एग्जाम एक दिन में कंडक्ट करवाने में 700 करोड़ रुपये का खर्च आता है। यह किसका पैसा है? जनता का पैसा है। क्या मजाक चल रहा है? और NTA की कोई जवाबदेही नहीं होगी? यही है पारदर्शिता? और यही है Supreme Court, जो NTA पर चुप है?


देखिए कितना मेल खाता है- MMM : मोदी, मेलोडी, मैलोनी
अंबा ने कहा, मैं सभी NEET परीक्षार्थियों से अपील करती हूँ, जिनके भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है, कि वे सभी मोदी को एक पैकेट मेलोडी उनके आवास पर भेजकर उनका मुंह मिठा कराएं, क्योंकि वे देश में NTA घोटाले के बाद विदेश जाकर मेलोनी को खिला रहे हैं और अपने ही देश में छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। एजुकेशन माफियाओं का राज खत्म करना होगा। आज की प्रेस वार्ता में प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा, प्रवक्ता सोनल शांति उपस्थित थे।

Tags - NEET NTA  Education Minister CBI  ED Amba Prasad