द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में गर्मी ने अचानक अपना तीखा रूप दिखाना शुरू कर दिया है। रविवार इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया, जहां डालटनगंज में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से करीब 4.7 डिग्री अधिक है। इसके अलावा पांच अन्य जिलों में भी तापमान 40 डिग्री के पार चला गया। रांची में भी पारा सामान्य से 6 डिग्री अधिक होकर 39.3 डिग्री तक पहुंच गया, जिससे लोगों को तेज़ गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।

दो दिनों में और बढ़ेगा तापमान, लू का खतरा
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले दो दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार कई इलाकों में लू चलने की आशंका है। वहीं देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा और पाकुड़ में 20 और 21 अप्रैल को आंधी और हल्की बारिश हो सकती है। इसके विपरीत पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा तथा सरायकेला-खरसावां में लू का असर अधिक रहेगा। विभाग ने इस स्थिति को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया है।

मृग मरीचिका और बढ़ती गर्मी के संकेत
भीषण गर्मी के कारण अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। विशेषज्ञों के अनुसार जब सड़क की सतह 45 डिग्री से ज्यादा गर्म हो जाती है, तो उस पर पड़ने वाली सूरज की किरणें वापस परावर्तित होकर पानी जैसा भ्रम पैदा करती हैं, जिसे मृग मरीचिका कहा जाता है। यह स्थिति लू के तेज़ होने का संकेत भी है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने लोगों को सलाह दी है कि अगले कुछ दिनों तक दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच बाहर निकलने से बचें, खासकर बच्चों का विशेष ध्यान रखें।