logo

अमेरिका में हवन को समझा आग, बुला लिया फायर ब्रिगेड; पुलिस ने कहा- सांस्कृतिक गलतफहमी 

fireinghar.jpg

टेक्सास (अमेरिका)
अमेरिका के टेक्सास राज्य में एक भारतीय-अमेरिकी परिवार द्वारा किए गए धार्मिक हवन को लेकर एक अनोखी घटना सामने आई है, जो सांस्कृतिक गलतफहमी और जागरूकता की कमी का प्रतीक बन गई है। यह घटना सोशल मीडिया पर वायरल हो चुकी है और इसके वीडियो पर व्यापक बहस भी छिड़ गई है।
बात टेक्सास के बेडफोर्ड शहर की है, जहां एक भारतीय मूल का परिवार अपने नए घर में गृह प्रवेश की पूजा कर रहा था। इस धार्मिक आयोजन के दौरान उन्होंने घर के भीतर हवन किया, जिसमें अग्नि प्रज्वलित की जाती है और जिससे धुआँ उठता है। यह धुआँ घर के गैराज के रास्ते बाहर निकल रहा था।


धुएं को देखकर पड़ोसियों को लगा कि घर में आग लग गई है। बिना देर किए उन्होंने 911 पर कॉल कर फायर डिपार्टमेंट को सूचना दे दी। फायर ब्रिगेड तुरंत मौके पर पहुँची, लेकिन जब वे घर के भीतर पहुंचे, तो उन्हें वहां कोई आपात स्थिति नहीं, बल्कि एक शांत और पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठान चल रहा मिला।
इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसमें फायर ट्रक को घर के बाहर रुकते और पूजा कर रहे परिवार को दिखाया गया है। वीडियो में एक टेक्स्ट ओवरले भी देखा गया जिसमें पुलिस की ओऱ से लिखा था — "Cultural misunderstanding 101: A Hindu prayer is not a fire emergency." (सांस्कृतिक गलतफहमी 101: हिंदू पूजा कोई आग लगने की इमरजेंसी नहीं होती।)


वीडियो के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। कई यूज़र्स ने इसे अमेरिका में रहने वाले प्रवासी समुदायों की सांस्कृतिक चुनौतियों का उदाहरण बताया। लोगों ने कहा कि यह घटना दिखाती है कि अभी भी कई लोगों को विभिन्न संस्कृतियों और धार्मिक परंपराओं की जानकारी नहीं है। हालांकि, कुछ अन्य लोगों ने सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए। उनका कहना था कि रिहायशी इलाकों, खासकर बंद जगहों पर आग से जुड़ा कोई भी अनुष्ठान सावधानी से किया जाना चाहिए, ताकि कोई दुर्घटना न हो। फायर डिपार्टमेंट की ओर से इस घटना पर कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, और उन्होंने परिवार को शुभकामनाएं देकर लौटने का फैसला किया।


 

Tags - Nationa। News Nationa। News Update Nationa। News।ive Country News Breaking News।atest