logo

अफगानिस्तान : भूकंप से मरने वालों की संख्या हुई हजार के पार, कई शहर मलबे में तब्दील

भूकंप से मरने वालों की संख्या हुई हजार के पार, कई शहर मलबे में तब्दील

डेस्क: 

अफगानिस्तान में भूकंप में भीषण तबाही मचाई है। ताजा जानकारी के मुताबिक अफगानिस्तान में भूकंप में जान गंवाने वालों की संख्या 1 हजार का आंकड़ा पार कर गई है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक घायलों की संख्या 1500 के पार पहुंच गई है। जियोलॉजिकल सर्वे के मुताबिक 6.1 तीव्रता वाले इस भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान के खोस्त शहर से 40 किमी दूर था। 

500 किमी के विशाल दायरे में था भूंकप का असर
यूरोपियन मेडेटरेनियन सिस्मोलॉजिकल सेंटर ने बताया कि इस भूकंप का प्रभाव 500 किमी के दायरे तक में था। इसकी वजह से अफगानिस्तान के साथ-साथ पाकिस्तान और भारत के कुछ हिस्सों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गये। अफगानिस्तान सरकार के प्रवक्ता बिलाल करीमी ने ट्वीट कर कहा कि दुर्भाग्य से कल रात पक्तिता प्रांत के 4 जिलों में भीषण भूकंप आया।

आपदा में हमारे सैकड़ों देशवासी मारे गये। सैकड़ों लोग घायल भी हो गये हैं। कई मकान पूरी तरह तबाह हो गये। प्रवक्ता ने कहा कि हम इमरजेंसी एजेंसियों से अपील करते हैं कि आगे की तबाही रोकने के लिए टीमें भेजिये।

अफगानिस्तान सरकार ने राहत भेजने की अपील की
भूकंप इतना जोरदार था कि कई शहर और गांव पूरी तरह से मलबे की ढेर में तब्दील हो गये हैं। भूकंप का असर 500 किमी के विशाल दायरे में महसूस किया गया। पक्तिता प्रांत के बरमल, जिरुक, नाका और ज्ञान जिले में राहत औ बचाव कार्य जारी है। लोगों को मलबों से निकालने का काम जारी है।

घायलों को त्वरित अस्पताल पहुंचाने के लिए हेलिकॉप्टरों की मदद ली जा रही है। कहा जा रहा है कि पाकिस्तान के रावलपिंडी, इस्लामाबाद, पेशावर और मुल्तान में भी भूकंप के झटके महसूस किये गये।