रांची
14वीं झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की प्रारंभिक परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर आज भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) जेपीएससी कार्यालय का घेराव करेगा। संगठन के आह्वान पर सुबह 12 बजकर 30 मिनट पर जयपाल सिंह स्टेडियम से हजारों कार्यकर्ता मार्च निकालते हुए जेपीएससी कार्यालय पहुंचेंगे और आयोग का घेराव करेंगे।
परीक्षा में अनियमितता का आरोप
भाजयुमो का आरोप है कि 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं, जिससे हजारों अभ्यर्थियों की मेहनत और भविष्य पर सवाल खड़े हो गए हैं। संगठन ने परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और प्रभावित अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने की मांग की है। 
घेराव को लेकर प्रशासन अलर्ट
प्रस्तावित घेराव को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। जेपीएससी कार्यालय और उसके आसपास के पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है, ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए किसी भी अप्रिय स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।