logo

आज झारखंड के 15 जिलों में आंधी–बारिश की चेतावनी, जानें आपके जिले का हाल

आज झारखंड के 15 जिलों में आंधी–बारिश की चेतावनी, जानें आपके जिले का हाल

रांची 
Jharkhand Weather News:
बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ का असर झारखंड के कई हिस्सों में देखने को मिल सकता है। भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र ने 27 से 29 अक्टूबर तक राज्य के विभिन्न जिलों में वज्रपात, मेघगर्जन और तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना है। कुछ इलाकों में हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग ने 30 और 31 अक्टूबर को भी पूरे झारखंड के लिए चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार, 27 अक्टूबर को रांची समेत मध्य, पूर्वी और दक्षिणी झारखंड के कई जिलों में मौसम का असर देखने को मिलेगा। वहीं, 28 अक्टूबर को उत्तर-पूर्वी और मध्य झारखंड में वज्रपात और तेज हवाओं की आशंका है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी मौसम बदल सकता है।

आज इन जिलों में मौसम को लेकर चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, 27 अक्टूबर को रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, कोडरमा और धनबाद के अलावा देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में वज्रपात के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में भी मौसम का असर देखने को मिल सकता है।

बंगाल की खाड़ी में आगे बढ़ रहा चक्रवात
मौसम विभाग के राष्ट्रीय बुलेटिन के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के मध्य और पश्चिम-मध्य हिस्सों में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ पिछले छह घंटों के दौरान लगभग 13 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम की ओर बढ़ा है। सोमवार सुबह 11:30 बजे यह पश्चिम-मध्य और उससे सटे पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर, लगभग 15.5 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 88.2 डिग्री पूर्वी देशांतर के पास केंद्रित था।

डीसी ने अधिकारियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए
मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। निचले इलाकों में जलजमाव, नदियों और बड़े नालों का जलस्तर बढ़ने तथा कमजोर मकानों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई है। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने सभी संबंधित विभागों को स्थिति पर लगातार नजर रखने और आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। आपदा प्रबंधन, नगर निगम, पुलिस, स्वास्थ्य, विद्युत, राजस्व और जल संसाधन विभाग को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने और सावधानी बरतने की अपील की है।

27 से 31 अक्टूबर तक मौसम पर नजर रखने की जरूरत
चक्रवाती तूफान के प्रभाव को देखते हुए झारखंड के कई जिलों में अगले कुछ दिनों तक मौसम बदलने की संभावना है। तेज हवाओं, बारिश और वज्रपात को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। प्रशासन और संबंधित विभागों को भी किसी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया गया है।
 

Tags - Jharkhand WeatherCyclone ArnabRanchi Rain AlertIMD WarningWeather Update