logo

झारखंड में छह दिन मौसम रहेगा सामान्य, सुबह कोहरा और दिन में खिलेगी धूप; बारिश का अलर्ट नहीं

झारखंड में छह दिन मौसम रहेगा सामान्य, सुबह कोहरा और दिन में खिलेगी धूप; बारिश का अलर्ट नहीं

झारखंड 
Ranchi News: झारखंड में मौसम का मिजाज फिलहाल सामान्य रहने वाला है। सुबह हल्की ठंड और कोहरे-कुहासे का एहसास होगा, तो दोपहर में आसमान साफ रहने से धूप खिलेगी। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 17 से 22 अक्टूबर तक राज्य में बारिश की कोई खास संभावना नहीं है। इस दौरान किसी भी जिले के लिए मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की गई है। राजधानी रांची समेत राज्य के अन्य हिस्सों में भी तापमान में बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं। ऐसे में अगले छह दिनों तक लोगों को मौसम के सामान्य और शुष्क बने रहने की उम्मीद है।

सुबह कोहरा, दोपहर में साफ रहेगा आसमान
मौसम विभाग के अनुसार, 17 अक्टूबर को झारखंड के कई हिस्सों में सुबह के समय कोहरा या कुहासा छा सकता है। दिन में कुछ समय के लिए आंशिक बादल दिखाई दे सकते हैं, लेकिन इसके बाद आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। 18 अक्टूबर को भी सुबह कुहासे के बाद मौसम साफ रहने की संभावना है।

19 और 20 अक्टूबर को भी मौसम रहेगा सामान्य
19 और 20 अक्टूबर को भी राज्य में मौसम का यही रुख बने रहने का पूर्वानुमान है। सुबह के समय कोहरा या कुहासा छा सकता है, जबकि दिन में आसमान साफ रहने की संभावना है। सुबह और रात में हल्की ठंड महसूस हो सकती है। फिलहाल अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं।

22 अक्टूबर तक बारिश का अलर्ट नहीं
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 21 और 22 अक्टूबर को भी सुबह कोहरा या कुहासा छाने के बाद दिन में आसमान मुख्य रूप से साफ रह सकता है। इस अवधि में झारखंड के उत्तर-पूर्वी, दक्षिणी और अन्य हिस्सों में मौसम सामान्य रहने की संभावना है। राज्य में भारी बारिश, आंधी या किसी अन्य प्रतिकूल मौसमी गतिविधि को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। हालांकि, सुबह के समय कुहासे के कारण कुछ स्थानों पर दृश्यता कम हो सकती है। ऐसे में सुबह यात्रा करने वाले लोगों और वाहन चालकों को सावधानी बरतने की जरूरत है।

रांची में 29 से 30 डिग्री तक रहेगा अधिकतम तापमान
राजधानी रांची में अगले कुछ दिनों तक तापमान में ज्यादा उतार-चढ़ाव होने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 17 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। 18 और 19 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 29 डिग्री तथा न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।  वहीं, 20 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। 21 और 22 अक्टूबर को भी मौसम सामान्य रहने की संभावना है। कुल मिलाकर, रांची समेत पूरे झारखंड में अगले छह दिनों तक मौसम शुष्क रहने और सुबह-शाम हल्की ठंड महसूस होने के आसार हैं।

Tags - Jharkhand WeatherRanchi Weather TodayWeather ForecastIMD Weather AlertJharkhand News