logo

झारखंड आंदोलनकारियों के समर्थन में रांची बंद, अल्बर्ट एक्का चौक पर सड़क जाम; 26 साल बाद भी हक का इंतजार

झारखंड आंदोलनकारियों के समर्थन में रांची बंद, अल्बर्ट एक्का चौक पर सड़क जाम; 26 साल बाद भी हक का इंतजार

रांची: 
Ranchi News: झारखंड आंदोलनकारियों की विभिन्न मांगों (Various demands) को लेकर राजधानी रांची में आज बंद (Today Shutdown) का असर दिखने लगा है। झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा (Andolankari Sangharsh Morcha) के कार्यकर्ता अल्बर्ट एक्का चौक (Albert Ekka Chowk) पहुंच गए हैं और सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया है। आंदोलनकारी अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे हैं और सरकार से लंबे समय से लंबित मांगों को पूरा करने की मांग कर रहे हैं। राज्य गठन के 26 साल बाद भी आंदोलनकारियों को उनका पूरा हक नहीं मिलने का मुद्दा एक बार फिर जोर पकड़ गया है। बंद को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गयी है और प्रमुख चौक-चौराहों के साथ संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती की गयी है।

अल्बर्ट एक्का चौक पर आंदोलनकारियों का प्रदर्शन
बुधवार सुबह झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के कार्यकर्ता अपनी विभिन्न मांगों को लेकर अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचे। यहां आंदोलनकारियों ने सड़क पर प्रदर्शन करते हुए मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के जुटने के कारण यातायात प्रभावित हुआ है। आंदोलनकारी अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी कर रहे हैं और सरकार से तत्काल पहल करने की मांग कर रहे हैं।

26 साल बाद भी आंदोलनकारियों को हक का इंतजार
आंदोलनकारी नेताओं का कहना है कि झारखंड राज्य के गठन को 26 साल बीत चुके हैं, लेकिन अलग राज्य के आंदोलन में योगदान देने वाले कई आंदोलनकारी आज भी अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। मोर्चा का आरोप है कि सरकार की ओर से आंदोलनकारियों के सम्मान और पुनर्वास से जुड़े कई वादों और संकल्पों को अब तक पूरी तरह लागू नहीं किया गया है। आंदोलनकारियों की प्रमुख मांगों में 50 हजार रुपये प्रतिमाह सम्मान पेंशन और आंदोलनकारियों के आश्रितों को नौकरी देने की मांग शामिल है। मोर्चा का कहना है कि लंबे समय तक संघर्ष करने वाले आंदोलनकारियों और उनके परिवारों के हित में सरकार को ठोस निर्णय लेना चाहिए।

बंद से पहले निकाला गया था मशाल जुलूस
बंद के एक दिन पहले मंगलवार की शाम झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा की ओर से रांची में मशाल जुलूस निकाला गया था। जुलूस शहीद चौक से अल्बर्ट एक्का चौक तक निकाला गया। इस दौरान आंदोलनकारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की और आम लोगों से बंद को सफल बनाने में सहयोग की अपील की। मशाल जुलूस में पूर्व सांसद भुवनेश्वर प्रसाद मेहता समेत मोर्चा के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। इनमें पुष्कर महतो, मो आसिफ, अनथन लकड़ा, शीला कच्छप, रेखा देवी, केडी सिंह और करमा तिग्गा समेत अन्य लोग मौजूद थे।

पुष्कर महतो ने की बंद को सफल बनाने की अपील
मोर्चा के नेता पुष्कर महतो ने रांची के लोगों से झारखंड आंदोलनकारियों के समर्थन में बंद को सफल बनाने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि राज्य गठन के 26 साल बाद भी आंदोलनकारियों की कई मांगें लंबित हैं और उनके अधिकारों को लेकर सरकार को गंभीरता से पहल करनी चाहिए।

रांची में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
बंद को देखते हुए राजधानी रांची में पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। प्रमुख चौक-चौराहों, संवेदनशील इलाकों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गयी है। पुलिस और प्रशासन के वरीय अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भी निगरानी
बंद के दौरान मुख्य मार्गों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन की ओर से लोगों से शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील की गयी है। साथ ही सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से अफवाह फैलाने वालों पर भी नजर रखी जा रही है। पुलिस ने कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या शांति भंग करने की किसी भी कोशिश पर तत्काल कार्रवाई की चेतावनी दी है।

Tags - Ranchi Bandh Today Ranchi News JharkhandJharkhand News