रांची
कथित पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों के आंदोलन को देखते हुए राजधानी रांची में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने व्यापक तैयारियां की हैं। आज 7 अगस्त को आइसा की ओर से विधानसभा मार्च निकाला जाएगा। यह मार्च दोपहर करीब 2 बजे बिरसा चौक से शुरू होगा। वहीं, आंदोलनरत छात्रों ने 10 अगस्त को विधानसभा घेराव का भी ऐलान किया है। इन कार्यक्रमों को देखते हुए रांची पुलिस ने तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की है।
1,000 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती
सुरक्षा व्यवस्था की कमान रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन संभाल रहे हैं। विधानसभा परिसर और मार्च के रूट की निगरानी के लिए 4 आईपीएस अधिकारियों के अलावा 2 अतिरिक्त आईपीएस अधिकारियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा सुरक्षा में 15 डीएसपी, 30 इंस्पेक्टर, 100 दारोगा और करीब 1,000 पुलिसकर्मियों को लगाया गया है। जगन्नाथपुर मंदिर से लेकर विधानसभा परिसर तक पूरे मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती रहेगी, ताकि मार्च के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी से निगरानी
विधानसभा परिसर और आसपास के संवेदनशील इलाकों में निगरानी के लिए बड़ी संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। पुलिस ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त बल और जरूरी संसाधनों की भी व्यवस्था की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार सुरक्षा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पूरे मार्च और आंदोलन की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।