रांची
यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। रांची से बेंगलुरु और हैदराबाद के लिए दो नई ट्रेनें चलाने की तैयारी पूरी हो चुकी है और इनका प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेज दिया गया है। बेंगलुरु में चल रहे रेलवे के विकास कार्यों के पूरा होते ही अगले एक महीने में इन ट्रेनों के शुरू होने की उम्मीद है। रांची रेलवे डिवीजन की सीनियर डीसीएम श्रेया सिंह के मुताबिक, यात्रियों को लंबी वेटिंग और महंगे हवाई किराए से निजात दिलाने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है। आइए विस्तार से जानते हैं।
सप्ताह में चार दिन चलाने की योजना, देखें संभावित शेड्यूल
जानकारी के मुताबिक, एक ट्रेन बरकाकाना-गया-जबलपुर-नागपुर-काजीपेट-धर्मावरम मार्ग से होते हुए बेंगलुरु पहुंचेगी। खास बात यह है कि इसे सप्ताह में चार दिन सोमवार, बुधवार, गुरुवार और शुक्रवार को चलाने की योजना है। वहीं, रांची से हैदराबाद के लिए प्रस्तावित दूसरी ट्रेन का संचालन सप्ताह में चार दिन सोमवार, बुधवार, गुरुवार और शनिवार को किया जाएगा। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि बेंगलुरु सेक्शन में चल रहे नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के पूरा होते ही नई ट्रेनों के लिए स्लॉट उपलब्ध हो सकता है। यह विकास कार्य लगभग एक माह में पूरा होने की संभावना है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अभी दोनों ट्रेनों को स्पेशल ट्रेन के रूप में प्रस्तावित किया गया है और इनके संचालन के अनुभव के आधार पर आगे इन्हें नियमित ट्रेनों में बदला जा सकता है।
अन्य ट्रेनों में वेटिंग की स्थिति
13351 धनबाद-एलेप्पी: इस माह सभी श्रेणियों में लंबी वेटिंग
12835 हटिया-बेंगलुरु: 21 जुलाई तक सभी श्रेणियों में लंबी वेटिंग
18637 हटिया-बेंगलुरु (वीकली): सभी श्रेणियों में 25 जुलाई तक वेटिंग
16620 धनबाद-पोदानूर (वीकली): 22 व 29 जून को रिग्रेट, 27 जुलाई तक वेटिंग
22837 धरती आबा एक्सप्रेस (हटिया से एर्नाकुलम वीकली): 27 जुलाई तक वेटिंग
शैक्षणिक केंद्रों से बेहतर रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना
इस प्रस्ताव का मुख्य उद्देश्य झारखंड को दक्षिण भारत के प्रमुख औद्योगिक और शैक्षणिक केंद्रों से बेहतर रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना है। रेलवे लगातार प्रयास कर रहा है कि जल्द ही ये ट्रेन सेवाएं शुरू हो सकें, ताकि यात्रियों को लंबी वेटिंग और वैकल्पिक मार्गों की परेशानी से राहत मिल सके। श्रेया सिंह, सीनियर डीसीएम, रांची