logo

रांची में पहली सावन सोमवारी पर विशेष ट्रैफिक प्लान, पहाड़ी मंदिर जाने से पहले जान लें रूट और पार्किंग स्थल

Screenshot_2026-08-02_093027.jpg

रांची
सावन की पहली सोमवारी पर राजधानी रांची के सभी प्रमुख शिवालयों, खासकर ऐतिहासिक पहाड़ी मंदिर में शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसे देखते हुए रांची ट्रैफिक पुलिस ने श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। सोमवार को पहाड़ी मंदिर जाने वाले कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े और जाम की स्थिति से बचा जा सके।
इन तिथियों पर लागू रहेगी विशेष व्यवस्था
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार सावन की सभी सोमवारी यानी 3, 10, 17 और 24 अगस्त के अलावा श्रावणी पूर्णिमा (28 अगस्त) को भी विशेष सुरक्षा और यातायात व्यवस्था प्रभावी रहेगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पहाड़ी मंदिर की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन पूरी तरह वर्जित रहेगा। आवश्यकता पड़ने पर शहर के अन्य व्यस्त मार्गों पर भी कुछ समय के लिए रूट डायवर्ट किया जा सकता है या वाहनों का आवागमन अस्थायी रूप से रोका जा सकता है।
वाहन पार्किंग को लेकर पुलिस की अपील
ट्रैफिक पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे पहाड़ी मंदिर के आसपास अपने दोपहिया या चारपहिया वाहन सड़क किनारे खड़े न करें। वाहनों को केवल प्रशासन द्वारा चिन्हित पार्किंग स्थलों पर ही पार्क करें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग की विशेष व्यवस्था
पहली सावन सोमवारी पर पहाड़ी मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए रांची ट्रैफिक पुलिस ने शहर में तीन प्रमुख स्थानों पर विशेष पार्किंग की व्यवस्था की है। कटहल मोड़, तिलता चौक, रातू और पिस्का मोड़ की ओर से आने वाले श्रद्धालु अपने वाहन बिरला मैदान पार्किंग में खड़े कर सकेंगे। वहीं धुर्वा, तुपुदाना, बिरसा चौक, हिनू, डोरंडा, मेन रोड, रेडियम चौक, लालपुर, कांटाटोली, हरमू और अरगोड़ा की ओर से आने वाले वाहनों के लिए बानो मंजिल रोड स्थित मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा कांके, पिठोरिया, बूटी मोड़, रिम्स, करमटोली, कांटाटोली और लालपुर की दिशा से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहन मोरहाबादी स्थित रांची यूनिवर्सिटी फुटबॉल मैदान में पार्क किए जाएंगे। ट्रैफिक पुलिस ने श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने की अपील की है, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
इन मार्गों पर रहेगा वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित
 शनि मंदिर से पहाड़ी मंदिर जाने वाला मार्ग
 दुर्गा मंदिर से पहाड़ी मंदिर जाने वाला मार्ग
 मीनाक्षी गली से पहाड़ी मंदिर की ओर जाने वाला मार्ग
 गोशाला कटिंग से पहाड़ी मंदिर जाने वाला मार्ग
 बालाजी मंदिर से पहाड़ी मंदिर जाने वाला मार्ग

Tags - Ranchi Pahari Mandir Sawan Somwar Traffic Advisory Jharkhand Police