रांची
रांची के राहे थाना क्षेत्र अंतर्गत पारमडीह टुंगरीटोला गांव के पास जारागोड़ा स्थित एक चट्टान के समीप सोमवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर राहे थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
गले पर धारदार हथियार से वार के निशान
प्रारंभिक जांच में युवक के गले पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि युवक की गला काटकर हत्या की गई है। हालांकि, हत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है। मृतक की पहचान भी अब तक नहीं हो पाई है, जिसके लिए पुलिस आसपास के थानों और स्थानीय लोगों से जानकारी जुटा रही है।
पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार, मृतक के दाहिने हाथ पर अंग्रेजी अक्षरों में ‘K M’ लिखा हुआ है। इसी निशान के आधार पर भी उसकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या के पीछे के कारणों के साथ-साथ घटना में शामिल आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।