रांची
रांची पुलिस रात भर सड़कों पर तैनात रहती है, लेकिन इतनी कड़ी सुरक्षा के बावजूद चोरी की घटना को अंजाम दे रहे है। अपराधियों ने शुक्रवार की देर रात शहर के सबसे व्यस्त इलाके मेन रोड में अपराधियों ने जमशेदपुर के एक व्यवसायी की कार का शीशा तोड़कर सोने के गहने और नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए। यह घटना तब हुई जब पीड़ित अपनी शादी की सालगिरह का केक लेने दुकान के अंदर गए थे। इस घटना ने रांची पुलिस की 'नाइट पेट्रोलिंग' पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
शादी की सालगिरह की खुशियां बदलीं तनाव में
जमशेदपुर के रहने वाले रोहित गुप्ता ने बताया कि वह अपनी शादी की सालगिरह मनाने के लिए मेन रोड स्थित भारत बेकरी में केक लेने गए थे। उन्होंने अपनी कार को सही तरीके से लॉक किया था।लेकिन जब वह केक लेकर वापस लौटे, तो उनके होश उड़ गए।कार के दाहिनी ओर का पिछला शीशा टूटा हुआ था और सीट पर रखा उनकी पत्नी का बैग गायब था, जिसमें सोने के जेवर और कैश मौजूद थे। रोहित बताते है कि उन्होंने पहले केक दुकानदार से मदद मांगी लेकिन उसने देर होने की बात कह कर उन्होंने दुकान बंद कर दी। उसके बाद उन्होंने पुलिस से मदद मांगी। पुलिस की टीम भी आई लेकिन अपराधियों का कुछ पता नही चल पाया।
फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही
उन्होंने बताया कि हैंडबैग में उनकी पत्नी के कुछ गहने और पांच हजार रुपए नगद थे। गहनों में कान के झुमके थे। मामले को लेकर रोहित गुप्ता ने रांची के लोवर बाजार थाना में एफआईआर दर्ज करवाई है। सिटी डीएसपी रमन ने बताया कि अपराधियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फूटेज खंगाला जा रहा है और उनकी गिरफ्तारी जल्द की जएगी।