रांची
अब जेएलकेएम के विधायक जयराम महतो ने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जारी छात्र आंदोलन के समर्थन में पुराना विधानसभा परिसर में आज सुबह 6:50 बजे से 24 घंटे का निर्जला उपवास शुरू किया है। उपवास के जरिए आंदोलनकारी छात्रों की मांगों को सरकार तक पहुंचाने और मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की जा रही है। इस दौरान टाइगर जयराम महतो पानी भी नहीं पिएंगे।

25 जुलाई से जारी है छात्रों का आंदोलन
उपवास कर रहे जयराम महतो ने कहा कि छात्र पिछले 25 जुलाई से अपनी मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं, लेकिन सरकार इस आंदोलन को गंभीरता से नहीं ले रही है। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज अब पूरे विश्व तक पहुंच रही है, लेकिन राज्य सरकार तक आवाज शायद नहीं पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से एक दिवसीय निर्जला उपवास शुरू किया गया है, ताकि छात्रों की मांगों को सरकार तक मजबूती से पहुंचाया जा सके।
मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी
उन्होंने कहा कि अगर यह उपवास छात्रों की मांगों को सरकार तक पहुंचाने में कारगर साबित होता है तो यह अच्छी बात होगी। लेकिन अगर सरकार की ओर से कोई ठोस पहल नहीं हुई, तो आंदोलन की अगली रूपरेखा तय की जाएगी और संघर्ष जारी रहेगा।
JPSC-JSSC परीक्षाओं की जांच और रद्द करने की मांग
आंदोलनकारियों ने TDPL द्वारा आयोजित JPSC और JSSC की सभी नियुक्ति परीक्षाओं को रद्द करने की मांग की है। साथ ही कथित अनियमितताओं और घोटाले में शामिल दोषियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए पूरे मामले की CBI और ED से जांच कराने की मांग की गई है।
JPSC-JSSC के पदाधिकारियों की भूमिका की भी जांच की मांग
इसके अलावा JPSC और JSSC के सभी पदाधिकारियों की कथित घोटाले में संलिप्तता की निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी उठाई गई है। आंदोलनकारियों का कहना है कि पूरे मामले की पारदर्शी जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।