रांची
रांची में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला झारखंड एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (ATS) में तैनात जवान कमलेश के घर का है, जहां चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, चोर करीब 10 लाख रुपये से अधिक के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए।
घटना की पूरी जानकारी
जानकारी के मुताबिक, एटीएस जवान कमलेश शुक्रवार शाम अपने परिवार के साथ अयोध्या दर्शन के लिए गए थे। इसी दौरान सुखदेवनगर थाना क्षेत्र स्थित उनके बंद घर पर चोरों ने धावा बोल दिया। कमलेश के बड़े भाई सोमनाथ राय ने बताया कि घर खाली होने का फायदा उठाकर बदमाशों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और अंदर घुस गए। 
अलमारी तोड़कर जेवर और नकदी लेकर फरार
घर में प्रवेश करने के बाद चोरों ने अलमारी का ताला तोड़ दिया और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर, नकदी तथा अन्य कीमती सामान समेटकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की वास्तविक कीमत का आकलन परिवार के लौटने के बाद ही हो सकेगा। घटना की सूचना मिलते ही सुखदेवनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके। सुखदेवनगर थाना प्रभारी सुनील कुशवाहा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।